Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

इंदौरः आईडीए की विभिन्न योजनाओं के ‍क्रियान्वयन के लिए 80 करोड़ की निविदाएं स्वीकृत

इंदौर विकास प्राधिकरण की बोर्ड बैठक

– लवकुश चौराहे पर लेवर-2 फ्लाय ओव्हर की सर्विस रोड पर डामर रोड के स्थान पर कांक्रीट रोड बनायी जायेगी

इंदौर, 02 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के इंदौर में संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े की अध्यक्षता में मंगलवार को इंदौर विकास प्राधिकरण की बोर्ड बैठक आईडीए सभागृह में हुई। बैठक में इंदौर विकास प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं को पूर्ण करने के लिये 80 करोड़ रुपये की निविदाएं स्वीकृत की गई। इसमें टीपीएस-4 के विकास कार्य की निविदा हेतु 33.22 करोड़ रुपये, टीपीएस-10 ग्राम पालाखेड़ी, बांगड़दा इंदौर भाग-बी के विकास कार्य हेतु 31 करोड़ रुपये, टीपीएस-1 के चौथे चरण के विकास कार्य हेतु 6.69 करोड़, योजना क्रमांक 151 एवं 169 बी सेक्टर-ए सुपर कॉरिडोर में 34 लाख लीटर क्षमता की 15 मीटर स्टेजिंग की ओवरहेड पानी की टंकी का डिजाईन एवं उसके निर्माण हेतु निविदा राशि 4.57 करोड़ रुपये तथा योजना क्रमांक 97 भाग-2 इंदौर के विभिन्न भागों के 5 वर्षीय रखरखाव कार्य सहित बाह्य विद्युतीकरण के कार्य की निविदा हेतु 3.88 करोड़ रुपये स्वीकृत किये गये।

बैठक में संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा किये जा रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किये जाएं। विकास कार्यों को शुरू करने से पहले विशेष कार्ययोजना सुनिश्चित करें। इंदौर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, नगर एवं ग्राम निवेश विभाग, लोक निर्माण विभाग आदि विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें। इंदौर विकास प्राधिकरण की भूमि पर होने वाले अवैध अतिक्रमणों को चिन्हित किया जाये। बैठक में संचालक मण्डल द्वारा शहर हित में विभिन्न निर्णय लिये गये।

बैठक में कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव, इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाड़े, नगर एवं ग्राम निवेश के संयुक्त संचालक शुभाशीष बेनर्जी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधीक्षण यंत्री सुनील कुमार उदिया, मध्य प्रदेश पश्चिमी क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के मुख्य अभियंता कामेश श्रीवास्तव, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता सीएस खरत, सहायक वनसंरक्षक प्रतिनिधि धीरेन्द्र प्रताप सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने कहा कि लवकुश चौराहे पर लेवल-2 फ्लायओवर की ग्रेड रोड, सर्विस रोड पर डामर रोड के स्थान पर कांक्रिट रोड (पीक्यूसी)बनाया जायेगा। इस रोड के बनने से यातायात सुगम होगा। विजय नगर क्षेत्र में मल्टी मॉडल सेंटर बनाया जायेगा। जिससे मेट्रो में यात्रा करने वाले नागरिकों को भी बेहतर सुविधा मिल सकेगी। साथ ही आईडीए के विभिन्न बैंकों में संचालित बचत खातों को चालू खातों में प‍रिवर्तित किया जायेगा। ‍‍‍जिससे प्राधिकरण को जमा राशि से ब्याज का लाभ प्राप्त हो सकेगा।

उन्होंने कहा कि योजना क्रमांक 166 के विकास कार्य और टीप-1 के विकास कार्य हेतु प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कन्सलटेंसी के चयन हेतु निविदा स्वीकृत की गई है। प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं में भूजल पुर्नभरण एवं जल के पुर्नउपयोग के लिये विशेष प्रयास किये जाएंगे। बैठक में निर्णय लिया गया कि इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा व्ययन की जाने वाली संपत्ति के निक्षेप रकम 10 प्रतिशत के स्थान पर कम की जायेगी, जिससे निविदा में अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त हो सके। साथ ही लीज रेंट जमा करने की (एक मुश्त लीज) 20 गुना लीजरेन्ट की योजना को समाप्त किया जाकर व्ययन नियम 2018 अनुसार पट्टा भाटक मूल पट्टा भाटक का चार गुना अथवा प्रचलित बाजार मूल्य का 0.5 प्रतिशत, जो भी कम हो, निर्धारित किये जाने का निर्णय लिया गया। साथ ही प्रकोष्ठ अधिनियम के तहत आवंटित प्रकोष्ठों को भूस्वामी अधिकार में संपरिवर्तन हेतु प्रकोष्ठ अधिनियम 2005 के अंतर्गत समस्त औपचारिकताएं पूर्ण की जाकर प्रकोष्ठों को अंतरण/लीज नवीनीकरण की कार्रवाई हो चुकी है, ऐसे प्रकरणों में भूस्वामी अधिकार पर संपरिवर्तन में किये जाने का निर्णय लिया गया। बैठक में अधिकारियों ने भी अपने सुझाव एवं विचार रखे।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *