Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

मप्र के दतिया में टीकाकरण के बाद मासूम की मौत, तीन बच्चियों की हालत गंभीर

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण का प्रदर्शन

– परिजनाें ने कलेक्टर के बंगले के बाहर किया प्रदर्शन

दतिया, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के दतिया जिले में दुरसड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ककरऊआ में शुक्रवार शाम को हुए टीकाकरण के दौरान वैक्सीन लगाए जाने के बाद डेढ़ माह के एक मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में हड़कंप और आक्रोश का माहौल है। घटना से आक्रोशित परिजनों ने शनिवार सुबह दतिया कलेक्टर के बंगले पहुंचकर प्रदर्शन किया और मामले की निष्पक्ष जांच व दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम को गांव में आशा कार्यकर्ता द्वारा नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत बच्चों को वैक्सीन लगाई गई थी। टीकाकरण के बाद शुक्रवार रात को नेहा और विकास कुशवाहा के डेढ़ माह कि बेटे की हालत अचानक बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। वहीं तीन अन्य बच्चों में भी अस्वस्थता के लक्षण सामने आए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल दतिया रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

परिजन का आरोप है कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता गीता कुशवाहा और सुपरवाइजर लक्ष्मी कुशवाहा ने बच्चों को घर बुलाकर टीकाकरण किया। प्रत्येक बच्चे को तीन-तीन इंजेक्शन लगाए गए। इसके कुछ ही समय बाद मासूमों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में शिकायत लेकर दतिया कलेक्टर के बंगले पहुंचे। ग्रामीणों ने टीकाकरण में लापरवाही और स्वास्थ्य अमले की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों की शिकायत पर कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों को पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि मामले में यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिला अस्पताल में भर्ती तीनों बच्चियों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टर उनकी निगरानी में इलाज कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंचकर जानकारी जुटा रही है और टीकाकरण से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं की जांच कर रही है। एसडीएम संतोष तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *