Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
UTTRAKHAND

दीपावली से पूर्व खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के लिए सघन अभियान, कई नमूने लिए गए

मिठाई की दुकान की जांच करते खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी।

नैनीताल, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । आयुक्त एवं अपर आयुक्त, खाद्य संरक्षा और औषधि प्रशासन देहरादून तथा जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर दीपावली पर्व से पूर्व खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के लिए बुधवार को अल्मोड़ा जनपद की सीमा पर स्थित क्वारव चौकी पर सघन अभियान चलाया गया।

सुबह 9 बजे से 11.30 बजे तक चले अभियान में दर्जनों वाहनों की जांच की गई। निरीक्षण में 20 किलो मावा और 50 किलो मिठाई संदिग्ध पाई गई, जिनके दो नमूने जनहित में प्रयोगशाला विश्लेषण हेतु लिए गए।

जांच के दौरान रोडवेज व निजी बसों, छोटे वाहनों तथा अन्य परिवहन साधनों से दूध, दही, पनीर, खोया और मिठाई जैसे खाद्य पदार्थों की आपूर्ति की जांच की गई। इसके बाद मनरसा-काकड़ीघाट, सुयालबाड़ी, गंगोली, छड़ा, खैरना और गरमपानी बाजार की दर्जनों दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान चॉकलेट बर्फी, काजू डोडा बर्फी और मैदा के पांच नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।

अधिकारियों ने खाद्य कारोबार स्वामियों को निर्देश दिए कि वे केवल गुणवत्तापूर्ण सामग्री का विक्रय करें, बिना बिल के खरीद न करें, स्टॉक का विवरण दर्ज रखें और प्रतिष्ठान को स्वच्छ रखें। साथ ही कर्मचारियों के चिकित्सीय परीक्षण अनिवार्य रूप से कराएं। विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि जहां कहीं भी संदेहास्पद खाद्य सामग्री का विक्रय हो रहा हो, वहां की सूचना विभाग को दें ताकि त्वरित कार्यवाही की जा सके। अभियान में वरिष्ठ उप निरीक्षक मनोज सिंह, आरक्षी रीता, राजेंद्र मेर सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

(Udaipur Kiran) / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *