Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
DELHI

हाईटेक तरीके से कार चोरी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा, तीन लग्जरी कारें बरामद

चाेरी के मामले में गिरफ्तार आरोपितों की फोटो

नई दिल्ली, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी-रॉबरी एंड स्नैचिंग सेल ने हाईटेक तरीके से कार चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस संबंध में पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर तीन चोरी की कारें बरामद की हैं। पुलिस ने आरोपितों के पास से इलेक्ट्रॉनिक की-क्लोनिंग टैबलेट, डुप्लीकेट चाबियां और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त संजीव यादव ने रविवार को बताया कि हाल के दिनों में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस की एक विशेष टीम सक्रिय की गई थी। इसी दौरान हेड कांस्टेबल अमित को एक सूचना मिली कि एक अंतरराज्यीय गिरोह दिल्ली से कारें चोरी कर उन्हें दिल्ली-एनसीआर से बाहर अन्य राज्यों में खपाता है। सूचना के आधार पर तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपितों पर नजर रखी गई।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार 6 दिसंबर को पुलिस टीम ने हापुड़ (उप्र) निवासी सोनू और सोनीपत (हरियाणा) निवासी संदीप को दबोच लिया। इनके कब्जे से मंगोलपुरी थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक मारुति स्विफ्ट कार बरामद की गई। पूछताछ के दौरान संदीप की निशानदेही पर सोनीपत के सेक्टर-23 से एक और चोरी की मारुति स्विफ्ट कार बरामद हुई, जो बवाना थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।

जांच के दौरान गिरोह के तीसरे सदस्य आशीष उर्फ दीपु, निवासी इटावा (उप्र) को भी दबोचा गया। उसकी निशानदेही पर साकेत थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक मारुति ब्रेजा कार, टाटा और मारुति सुजुकी वाहनों की डुप्लीकेट चाबियां और एक इलेक्ट्रॉनिक टैबलेट बरामद की गई।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपित अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक टैबलेट की मदद से कार के डैशबोर्ड में लगे ओबीडी पोर्ट से कनेक्ट होकर नई चाबी प्रोग्राम करते थे। इस तरीके से वे कुछ ही मिनटों में कार स्टार्ट कर चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद वाहन को कुछ दिन दिल्ली-एनसीआर में खड़ा किया जाता था और फिर दूर-दराज के राज्यों में बेच दिया जाता था।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह का सरगना सोनू पहले भी वाहन चोरी के 17 मामलों में शामिल रहा है। वहीं संदीप पर हरियाणा और उप्र में हत्या और गैंगस्टर एक्ट समेत आठ मामले दर्ज हैं। जबकि आशीष उर्फ दीपु के खिलाफ उप्र में वाहन चोरी के 13 मामले दर्ज हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *