Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
SPORTS

आईओए 10 जनवरी को अहमदाबाद में पहले राष्ट्रीय एथलीट फोरम का करेगा आयोजन

फोटो-

अहमदाबाद, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय खेल में एथलीटों के नेतृत्व वाली शासन व्यवस्था और जवाबदेही को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) 10 जनवरी को गुजरात के अहमदाबाद में पहले राष्ट्रीय एथलीट फोरम का आयोजन करेगा। आईओए ने कहा कि यह फोरम देशभर के मौजूदा और पूर्व एथलीटों, एथलीट प्रतिनिधियों और मुख्य स्टेकहोल्डर्स को सीधे, समाधान-उन्मुख बातचीत के लिए एक साथ लाएगा।

भारतीय ओलंपिक संघ ने मंगलवार को कहा कि फोरम में खिलाड़ियों के अधिकार और जिम्मेदारियां, नैतिक और पारदर्शी शासन, सुरक्षित खेल और ईमानदारी, मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण, डोपिंग विरोधी शिक्षा और शिकायत निवारण सहित महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। चर्चाओं का मकसद खिलाड़ियों के फीडबैक को कार्रवाई योग्य सुधारों में बदलना होगा।

इस पहल की घोषणा करते हुए आईओए की अध्यक्ष डॉ. पीटी उषा ने कहा कि यह भारत के खेल इतिहास में पहली बार है कि एथलीटों को सीधे गवर्नेंस को प्रभावित करने के लिए एक समर्पित राष्ट्रीय फोरम के माध्यम से एकसाथ लाया जा रहा है। एथलीटों की आवाज को अब नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यह फोरम एथलीटों के नेतृत्व वाले सुधार, जवाबदेही और साझा निर्णय लेने की दिशा में एक निर्णायक बदलाव का संकेत देता है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की गरिमा, सुरक्षा और कल्याण की रक्षा किए बिना खेल में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करना असंभव है।

आईओए एथलीट्स कमीशन की चेयरपर्सन एमसी मैरीकॉम ने कहा कि एथलीट सिस्टम को अंदर से जानते हैं। यह फोरम हमें चुनौतियों और समाधानों के बारे में खुलकर बात करने और यह सुनिश्चित करने के लिए एक भरोसेमंद प्लेटफॉर्म देता है कि एथलीटों के अनुभवों को गवर्नेंस और सुधारों में शामिल किया जाए।

आईओए एथलीट्स कमीशन के वाइस चेयरमैन शरथ कमल ने कहा कि एथलीट के तौर पर, हम अक्सर फैसले लिए जाने के बहुत बाद नीतियों का असर महसूस करते हैं। यह फोरम इस समीकरण को बदलता है। यह एथलीटों को सही समय पर फैसले लेने से पहले अपनी बात रखने का मौका देता है और एक ज्यादा पारदर्शी और जवाबदेह खेल इकोसिस्टम बनाने में मदद करता है। ———–

(Udaipur Kiran) / वीरेन्द्र सिंह

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *