जबलपुरः ऑटो रिक्शा चालक की गला काटकर हत्या

जबलपुर, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के जबलपुर में दीनदयाल चौक पर रविवार की शाम सवारी को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। ऑटो चालकों के बीच शुरू हुई कहासुनी कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई और राजीव नगर निवासी एक ऑटो चालक पवन अहिरवार की गला काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात के बाद मौके पर हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दीनदयाल चौक पर सवारी बैठाने को लेकर दो ऑटो चालकों के बीच पहले बहस हुई इसके बाद बात बढ़ गई और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि झगड़े के दौरान एक ऑटो चालक ने धारदार हथियार निकालकर दूसरे चालक पवन अहिरवार के गले पर वार कर दिया। अचानक हुए इस हमले से पीड़ित लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोग उसे तत्काल अस्पताल ले जाने की कोशिश में जुटे, लेकिन अधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर जल्द से जल्द उसे गिरफ्तार किया जा सके। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों पर नाकाबंदी कर दी है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पहले से सवारी को लेकर विवाद होते रहे थे। हत्या की घटना के बाद दीनदयाल चौक और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल है।
—————
(Udaipur Kiran) / विलोक पाठक



