जबलपुर : पिकअप वाहन आया 11 केवी हाईटेंशन की चपेट में, चालक की मौत, 7 घायल

जबलपुर, 17 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । जिले के पाटन थाना क्षेत्र के ग्वारी गांव में शुक्रवार को मक्का तोड़ने गए मजदूरों से भरा एक लोडिंग पिकअप वाहन खेत के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। जिसमें पिकअप चालक की झुलसने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन महिलाओं समेत सात मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी मजदूर मंडला जिले के सिवनी ग्राम से मक्का तोडऩे के लिए ग्वारी गांव आए थे। मजदूरी के लिए जाते समय यह लोडिंग पिकअप वाहन ग्वारी गांव के पास हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे वाहन में करंट फैल गया। जिसमें कि मृतक का नाम रोशन लडिया, निवासी डूडी पाटन बताया जा रहा है। सभी झुलसे हुए मजदूरों को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जबलपुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि हादसे के बाद बिजली विभाग की घोर लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि 11 केवी की हाईटेंशन लाइन काफी नीचे झूल रही थी, जिसकी शिकायत पहले भी की गई थी। इसके बावजूद विभाग ने इसे ठीक नहीं कराया। पाटन पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
—————
(Udaipur Kiran) / विलोक पाठक



