जाैनपुर : सरेराह युवक को मारी गोली

जौनपुर, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के जनपद जौनपुर में चंदवक थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार दोपहर एक युवक को सरेराह गोली मार दी गई। घायल युवक को इलाज के लिए वाराणसी के बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया है।
थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि यह घटना भीतरी रतनपुर मार्ग पर महुली ग्राम सभा के पास दोपहर करीब एक बजे हुई। घायल युवक की पहचान उमरवार गांव निवासी विशाल यादव (22) के रूप में हुई है। गोली उसके दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगी है। विशाल के बड़े पिता विजय यादव ने आरोप लगाया है कि बेहड़ा निवासी राज सिंह ने विशाल को गोली मारी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। घायल का इलाज चल रहा है। —————
(Udaipur Kiran) / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव



