Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
WORLD

जयशंकर की न्यूयॉर्क में अमेरिकी विदेशमंत्री रुबियो और यूरोपीय संघ के नेताओं से मुलाकात

न्यूयॉर्क में सोमवार को जयशंकर अमेरिकी समक्षक रुबियो के साथ। फोटो - जयशंकर के एक्स हैंडल से
न्यूयॉर्क में सोमवार को जयशंकर यूरोपीय संघ के नेताओं के साथ। फोटो - जयशंकर के एक्स हैंडल से

न्यूयॉर्क (अमेरिका), 23 सितंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय विदेशमंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को यहां अमेरिकी विदेशमंत्री मार्को रुबियो से मुलाकात की। इसके अलावा उनकी यूरोपीय संघ के नेताओं के साथ मुलाकात हुई। जयशंकर ने इस अवसर के फोटो और संक्षिप्त विवरण अपने एक्स हैंडल पर साझा किए हैं।

जयशंकर ने एक्स पोस्ट में लिखा, ” आज सुबह न्यूयॉर्क में अमेरिकी विदेशमंत्री मार्को रुबियो से मिलकर खुशी हुई। हमारी बातचीत में वर्तमान चिंता के कई द्विपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा हुई। प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में प्रगति के लिए निरंतर सहयोग के महत्व पर सहमति हुई। हम संपर्क में बने रहेंगे। ” उन्होंने एक अन्य पोस्ट में यूरोपीय संघ के नेताओं से मुलाकात पर खुशी जताई।

जयशंकर ने दूसरी पोस्ट में लिखा, ” आज न्यूयॉर्क में यूरोपीय संघ के विदेशमंत्रियों की अनौपचारिक बैठक में उनसे मिलकर मुझे खुशी हुई। यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कल्लास को मेजबानी के लिए धन्यवाद। यह बहुपक्षवाद, भारत-यूरोपीय संघ साझेदारी, यूक्रेन संघर्ष, गाजा, ऊर्जा और व्यापार पर विचारों के खुले आदान-प्रदान का अवसर रहा।”

भारतीय विदेशमंत्री जयशंकर की इन नेताओं से यह बातचीत ऐसे समय पर हुई, जब संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) का उच्चस्तरीय 80वां सत्र शुरू होने वाला है। रुबियो से उनकी मुलाकात लोटे न्यूयॉर्क पैलेस में हुई। रुबियो और जयशंकर के बीच यह बैठक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाए जाने के बाद आमने-सामने की पहली मुलाकात है। इसके साथ ही भारत पर अमेरिकी टैरिफ बढ़कर 50 प्रतिशत हो गया है। जयशंकर 27 सितंबर को यूएनजीए मंच से वक्तव्य देंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / मुकुंद

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *