Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HARYANA

झज्जर : तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़।

झज्जर, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । बहादुरगढ़ में नयागांव बाइपास के निकट सड़क दुर्घटना में मोटर साइकिल सवार युवक की तेज गति से आ रही कार की टक्कर लगने से मौत हो गई। वह बहादुरगढ़ से अपने गांव माजरी लौट रहा था। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है और पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया है।

गांव माजरी के रहने वाले नीरज की मंगलवार शाम नयागांव के निकट सड़क हादसे में मौत हो गई। दुर्घटना उस समय हुई जब नीरज बहादुरगढ़ से अपनी मोटर साइकिल पर सवार होकर बादली तहसील स्थित अपने गांव माजरी जा रहा था। उसका चाचा रमेश भी उसके साथ था। पुलिस को दी शिकायत में रमेश ने बताया कि वह राजेश निवासी बादली के कैन्टर को चला रहा था और उसका भतीजा नीरज आगे मोटरसाइकिल पर जा रहा था। वे दोनों नयागांव बाईपास स्थित फार्म हाउस के नजदीक पहुंचे तभी बादली की तरफ से आ रही काले रंग की एक तेज गति कार ने नीरज की मोटर साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही नीरज सड़क किनारे जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। रमेश ने बताया कि उसने मौके पर गाड़ी रोककर नीरज को संभाला, मगर कार चालक बिना रुके निकल गया। राहगीरों की सहायता से घायल नीरज को सिविल अस्पताल बहादुरगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच करके उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस को दी शिकायत में रमेश ने बताया कि यह दुर्घटना अज्ञात कार चालक की लापरवाही और कार की बहुत तेज गति के कारण हुई। उसके भतीजे नीरज की मौत के लिए कार चालक की लापरवाही ही जिम्मेदार है। नीरज की मोटर साइकिल भी हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिस ने मृतक नीरज के चाचा रमेश की शिकायत पर मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

—————

(Udaipur Kiran) / शील भारद्वाज

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *