जींद : पटाखे बजाने के विवाद में हत्या का आरोपित गिरफ्तार

जींद, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । गांव दनौदा कलां में दीपावली पर पटाखे बजाने को लेकर हुए विवाद में व्यक्ति की हत्या करने के एक आरोपित को सदर थाना नरवाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पूर्व में पुलिस पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है।
सोमवार को जानकारी देते हुए थाना सदर नरवाना के प्रभारी विरेंद्र सिंह बताया कि दीपावली के अवसर पर गांव दनौदा कलां में पटाखे बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया था। जिसमें दोनों पक्षों के दर्जनभर लोग घायल हो गए थे। जिसमें एक पक्ष का रमलू गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल रमलू को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल ले जाया गया था जहां से चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देख पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया था।
गंभीर रूप से घायल रमलू की पीजीआई रोहतक में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। जिस पर पुलिस ने चदंन समेत आधा दर्जन लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया था। नामजद लोगों मे सुखदेव पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित सुखदेव को उसके ठिकाने से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार सुखदेव को अदालत में पेश किया गया जहां से अदालत ने आरोपित को न्यायिक हिरासत मे जेल भेज दिया है।
—————
(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा



