Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HARYANA

जींद : एडीसी ने किया रैन बसेरों का निरीक्षण, लोगों को दिए कंबल

रैन बसेरों का औचक निरीक्षण करते हुए एडीसी प्रदीप कुमार ।

जींद, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । एडीसी प्रदीप कुमार ने सोमवार रात को शहर के बस अड्डा एवं रेलवे स्टेशन परिसर में संचालित रैन बसेरों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य कड़ाके की ठंड के बीच निराश्रित एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेना था। निरीक्षण के दौरान एडीसी प्रदीप कुमार ने रैन बसेरों में ठहरे लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी तथा वहां उपलब्ध बिस्तर, साफ.-सफाई, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि रैन बसेरों में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से बनी रहें।

कड़ाके की ठंड को देखते हुए एडीसी प्रदीप कुमार द्वारा रैन बसेरों में रह रहे जरूरतमंद व्यक्तियों को कंबल वितरित किए गए। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन गरीब, असहाय एवं निराश्रित लोगों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है और ठंड के मौसम में किसी भी व्यक्ति को खुले में रात बिताने के लिए मजबूर नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रात्रि गश्त के दौरान खुले में सो रहे लोगों को रैन बसेरों तक पहुंचाया जाए तथा आवश्यकता पडऩे पर उन्हें कंबल व अन्य राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए।

प्रशासन द्वारा शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए आगे भी इस तरह के निरीक्षण एवं राहत कार्य लगातार जारी रहेंगे। जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं कोई जरूरतमंद व्यक्ति ठंड में खुले में रह रहा हो तो इसकी सूचना प्रशासन या निकटतम रैन बसेरे को दें ताकि समय रहते सहायता पहुंचाई जा सके। इस अवसर पर नगर परिषद के ईओ रिषिकेश, डीसी के निजी सचिव प्रवीण परूथी, जिला रेडक्रॉस सचिव रामजी लाल व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *