Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

जेएलएफ: जयपुर म्यूजिक स्टेज 15 जनवरी से

जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल (जेएलएफ)

जयपुर, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल (जेएलएफ) के समानांतर आयोजित होने वाला जयपुर म्यूजिक स्टेज (जेएमएस) आगामी 15 से 17 जनवरी 2026 तक होटल क्लार्क्स आमेर जयपुर में संगीत प्रेमियों को सुरों की सौगात देगा। समकालीन भारतीय संगीत के विविध रंगों को प्रस्तुत करने वाला यह मंच एक बार फिर देशभर के चर्चित और स्वतंत्र संगीत कलाकारों को एक साथ लाएगा।

15 जनवरी को म्यूजिक स्टेज का शुभारंभ अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सरोद वादक सौमिक दत्ता के नए प्रोजेक्ट ‘ट्रैवलर्स’ से होगा। यह प्रस्तुति सरोद, एम्बिएंट साउंड, फील्ड रिकॉर्डिंग और स्पोकन वर्ड का अनूठा संगम होगी। इसी शाम वासु दीक्षित कलेक्टिव अपनी ऊर्जावान इलेक्ट्रॉनिक-फोक शैली से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेगा।

16 जनवरी को स्वतंत्र संगीत जगत की सशक्त आवाजें मंच संभालेंगी। प्रगतिशील और साइकिडेलिक रॉक के लिए प्रसिद्ध बैंड परवाज़ अपनी चर्चित प्रस्तुतियों के साथ नजर आएगा। साथ ही, द लोकल ट्रेन के पूर्व फ्रंटमैन रमन नेगी अपने एकल संगीत सफर की झलक पेश करेंगे। जयपुर का लोक-फ्यूजन बैंड युग्म भी अपनी सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रचनाओं से मंच सजाएगा।

17 जनवरी को समापन संध्या में बहुचर्चित मल्टी-जेनेर बैंड थैक्कुडम ब्रिज अपनी दमदार प्रस्तुति देगा। इनके साथ नेपाली लोक, रॉक और ब्लूज़ का मिश्रण प्रस्तुत करने वाला बैंड गॉले भाई भी संगीत प्रेमियों को झूमने पर मजबूर करेगा।

जयपुर म्यूजिक स्टेज के फेस्टिवल प्रोड्यूसर अविक रॉय ने बताया कि यह मंच भारतीय स्वतंत्र संगीत की विविधता और रचनात्मकता को समर्पित है। जेएमएस, जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल की सांस्कृतिक पहचान को और सशक्त बनाता है और संगीत व साहित्य के बीच सेतु का कार्य करता है।

—————

(Udaipur Kiran)

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *