जयपुर, 12 सितंबर (Udaipur Kiran News). भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) अलवर प्रथम टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जेवीएनएल कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) तेज सिंह के कहने पर उसके दलाल फूलसिंह को 17 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया. वहीं, एसीबी की कार्रवाई की भनक लगते ही जेईएन तेज सिंह मौके से फरार हो गया. उसकी तलाश की जा रही है.

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके घर के पास स्थित शिवजी मंदिर में बिजली का कनेक्शन घर के इनवर्टर से जोड़ा गया है. 10 सितंबर को पिनान जीएसएस का जेईएन तेज सिंह वहां आया और आरोप लगाया कि मंदिर में बिना मीटर के अवैध कनेक्शन किया गया है.
जेईएन ने धमकी दी कि अगर 30 हजार रुपये नहीं दिए तो एक लाख रुपये की वीसीआर भर देगा. इसी दौरान उसने डर दिखाकर 5 हजार रुपये मौके पर ले भी लिए और बाकी रकम लाने के लिए दबाव बनाया.
एसीबी जांच में सामने आया कि जेईएन कुल 30 हजार रुपये रिश्वत मांग रहा था. इसी सिलसिले में उसके दलाल फूल सिंह ने 17 हजार रुपये की रिश्वत ली, जहां एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया.
एसीबी अलवर प्रथम प्रभारी और अतिरिक्त Superintendent of Police टीएलओ महेंद्र कुमार के नेतृत्व में यह ट्रैप कार्रवाई की गई. फिलहाल, फरार जेईएन तेज सिंह की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है.