Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
SPORTS

माउंट माउंगानुई टेस्ट: दूसरे दिन के खेल से बाहर हुए केमार रोच

वेस्टइंडीज के सीनियर तेज गेंदबाज केमार रोच

माउंट माउंगानुई, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के बीच जारी टेस्ट सीरीज में तेज गेंदबाजों की चोटों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में वेस्टइंडीज के सीनियर तेज गेंदबाज केमार रोच माउंट माउंगानुई में खेले जा रहे टेस्ट के दूसरे दिन शुक्रवार के खेल से बाहर हो गए।

पहले दिन वेस्टइंडीज को केवल एक विकेट ही मिला था। इसी दौरान 89वें ओवर में गेंदबाजी करते हुए केमार रोच को हैमस्ट्रिंग में खिंचाव महसूस हुआ और वह ओवर पूरा करने के बाद मैदान से बाहर चले गए। शुक्रवार सुबह वह टीम के वॉर्म-अप सत्र में भी नजर नहीं आए। प्रसारण के दौरान यह पुष्टि की गई कि रोच दूसरे दिन के खेल के लिए उपलब्ध नहीं हैं। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह कब तक टीम में वापसी कर पाएंगे। इसके अलावा, शाई होप भी अस्वस्थ होने के कारण होटल में ही रुके।

तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में वेस्टइंडीज पहले ही 1-0 से पिछड़ रही है और पहली पारी में एक बड़े स्कोर की आशंका से जूझ रही है, क्योंकि डेवोन कॉनवे दोहरे शतक की ओर बढ़ चुके हैं। रोच की अनुपस्थिति में वेस्टइंडीज का तेज गेंदबाजी आक्रमण अब जेडन सील्स पर निर्भर है, जिन्होंने इस दौरे में अब तक पांच पारियों में केवल पांच विकेट लिए हैं। उनका साथ एंडरसन फिलिप और जस्टिन ग्रीव्स दे रहे हैं।

टीम की परेशानियां यहीं खत्म नहीं हुईं। ओजे शील्ड्स और तेग नारायण चंद्रपॉल भी छोटी-मोटी चोटों से जूझ रहे हैं। दूसरे सत्र में जब जस्टिन ग्रीव्स मैदान से बाहर गए, तो स्थानीय खिलाड़ी सेबेस्टियन हीथ को वेस्टइंडीज के लिए सब्स्टीट्यूट के तौर पर मैदान में उतरना पड़ा।

इस सीरीज में न्यूजीलैंड को भी चोटों का सामना करना पड़ा है। क्राइस्टचर्च टेस्ट में मैट हेनरी और नाथन स्मिथ चोटिल हो गए थे, जहां वेस्टइंडीज ने संघर्षपूर्ण ड्रॉ हासिल किया था। दूसरे टेस्ट में ब्लेयर टिकनर की भागीदारी भी सीमित रही। वहीं, पहले टेस्ट के पहले दिन हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझे टॉम ब्लंडेल अब उबरकर तीसरे टेस्ट में वापसी कर चुके हैं।

गौरतलब है कि वेस्टइंडीज ने 2025-27 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में अब तक खेले गए सात में से छह टेस्ट गंवाए हैं। यह न्यूजीलैंड का नए चक्र की पहली टेस्ट सीरीज है, जिसमें वह एक मैच ड्रॉ करा चुका है और एक में जीत दर्ज कर चुका है।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *