Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CRIME

नवादा के बुढ़िया साख जंगल से लाखो की खैर लकड़ी जब्त, पांच गिरफ्तार

बरंडी लकड़ी

नवादा, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।बिहार में नवादा जिले के बुढ़िया साख गांव के पास जंगल क्षेत्र में शनिवार को वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खैर की लकड़ी की अवैध तस्करी का भंडाफोड़ किया है। लाखों रुपये मूल्य की लकड़ी जब्त की गई है।

गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में एक अशोक लीलैंड ट्रक (संख्या यूपी 32 यूएन 2609) से भारी मात्रा में खैर की लकड़ी जब्त की गई है। इस दौरान ट्रक चालक व उपचालक समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

वनों के क्षेत्र पदाधिकारी नारायण लाल सेवक ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि बुढ़िया साख के जंगलों से अवैध रूप से खैर के पेड़ों की कटाई कर लकड़ी को उत्तर प्रदेश नंबर के ट्रक में लोड किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। इस टीम का नेतृत्व फॉरेस्टर आदर्श कुमार को सौंपा गया।

गठित टीम ने जंगल क्षेत्र में पहुंचकर घेराबंदी की और मौके पर ट्रक में खैर की लकड़ी लोड करते हुए तीन तस्करों को रंगे हाथ पकड़ लिया। वहीं ट्रक चालक और उपचालक को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। ट्रक के अलावा एक बाइक भी जब्त की गई है, जिसका उपयोग तस्करी में किए जाने की आशंका है।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि खैर की लकड़ी जंगल से अवैध रूप से काटी गई थी और उसे बाहर ले जाने की तैयारी चल रही थी। जब्त लकड़ी की मात्रा का आकलन किया जा रहा है। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है, ताकि इस तस्करी के पीछे सक्रिय गिरोह और नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

छापेमारी दल में वनरक्षी रणवीर यादव, संजीव कुमार, प्रहलाद कुमार, रंजन कुमार, संजय कुमार समेत कई अन्य वनकर्मी शामिल थे। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा की अवैध कटाई और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा। दोषियों के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

—————

(Udaipur Kiran) / संजय कुमार सुमन

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *