Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
SPORTS

एडिलेड टेस्ट से ख्वाजा बाहर, कमिंस और लियोन की वापसी

ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा

एडिलेड, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।

एडिलेड में होने वाले तीसरे एशेज टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन से उस्मान ख्वाजा को बाहर कर दिया गया है। इसके साथ ही यह अटकलें तेज हो गई हैं कि शायद ख्वाजा का यह ऑस्ट्रेलिया के लिए आखिरी टेस्ट साबित हो सकता है। चयनकर्ताओं ने जेक वेदराल्ड और ट्रैविस हेड की आक्रामक ओपनिंग जोड़ी पर भरोसा जताया है।

जैसा कि पहले से उम्मीद थी, कप्तान पैट कमिंस और अनुभवी ऑफ स्पिनर नाथन लियोन टीम में लौट आए हैं। उनकी वापसी के चलते माइकल नेसर और ब्रेंडन डॉगेट को बाहर बैठना पड़ा है।

ख्वाजा दूसरे टेस्ट में नहीं खेल पाए थे क्योंकि पर्थ टेस्ट के दौरान लगी पीठ की ऐंठन से वह पूरी तरह उबर नहीं पाए थे। हालांकि इस हफ्ते की शुरुआत में ख्वाजा ने खुद को 100 फीसदी फिट बताया था और टीम में जगह बनाए रखने की इच्छा जताई थी। मध्यक्रम में उनकी भूमिका को लेकर भी चर्चा हुई थी, लेकिन चयनकर्ताओं ने जोश इंग्लिस को बनाए रखने का फैसला किया और वेदराल्ड-हेड की ओपनिंग जोड़ी को जारी रखा।

इस जोड़ी ने पर्थ की दूसरी पारी में 75 रन जोड़े थे, जबकि गाबा टेस्ट की पहली पारी में दोनों ने मिलकर 77 रनों की साझेदारी की थी। चयनकर्ताओं का मानना है कि इससे इंग्लैंड के गेंदबाजी आक्रमण पर दबाव बना है।

कप्तान पैट कमिंस ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा,“पहले टेस्ट के बाद ट्रैविस का ओपनिंग करना हमारे लिए बड़ा बदलाव रहा है और वेदराल्ड के साथ उनकी जोड़ी काफी अच्छी दिखी है। हमें लगा कि मध्यक्रम में बदलाव की जरूरत नहीं है। दोनों ओपनर लगातार स्कोरबोर्ड चलाते रहे हैं और इससे मर्नस लाबुशेन और स्टीव स्मिथ को भी अच्छी शुरुआत मिल रही है।”

ख्वाजा एडिलेड टेस्ट के दौरान 39 साल के हो जाएंगे। 2023 एशेज के बाद से उनका औसत 31.84 रहा है और इस दौरान उन्होंने 45 पारियों में सिर्फ एक शतक लगाया है।

ख्वाजा की वापसी की संभावनाओं पर कमिंस ने कहा,

“हां, संभावनाएं जरूर हैं। चयनकर्ता हर टेस्ट को अलग-अलग देखते हैं। ख्वाजा की ताकत यह है कि उन्होंने टॉप ऑर्डर और मिडिल ऑर्डर दोनों में रन बनाए हैं। अगर हमें लगेगा कि टीम को उनकी जरूरत है, तो उनके लिए वापसी का रास्ता हमेशा खुला है।”

कमिंस ने चोटों के बावजूद ऑस्ट्रेलिया के 2-0 की बढ़त लेने की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यह ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट सिस्टम की गहराई को दिखाता है। जोश हेज़लवुड के सीरीज से बाहर होने और खुद कमिंस के शुरुआती टेस्ट न खेलने के बावजूद टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है।

इस बीच, स्टीवन स्मिथ बीमारी के कारण सोमवार को ट्रेनिंग में हिस्सा नहीं ले सके थे, लेकिन मंगलवार को सबसे पहले नेट्स में अभ्यास करते नजर आए।

तीसरे एशेज टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन:

जेक वेदराल्ड, ट्रैविस हेड, मार्नस लाबुशेन, स्टीवन स्मिथ, कैमरन ग्रीन, एलेक्स केरी (विकेटकीपर,

जोश इंग्लिस, पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, नाथन लियोन,स्कॉट बोलैंड।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *