Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

खेलो एमपी यूथ गेम्स-2025: मध्य प्रदेश का ओलंपिक का आयोजन 10 से 31 जनवरी 2026 तक

“खेलो एमपी यूथ गेम्स–2025- मध्यप्रदेश का ओलंपिक” को लेकर हुई पत्रकार वार्ता

– देश में पहली बार खेल विभाग एवं सभी खेल संघ मिलकर करेंगे आयोजन

भोपाल, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश में खेलो एमपी यूथ गेम्स-2025- मध्य प्रदेश का ओलंपिक” का आयोजन 10 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक होगा। इसके लिए चयन प्रक्रिया ब्लॉक स्तर से प्रारंभ होगी, जिसमें ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएँ 10 से 15 जनवरी, जिला स्तरीय 16 से 20 जनवरी, संभाग स्तरीय 21 से 25 जनवरी एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएँ 28 से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित की जाएंगी।

यह जानकारी प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने रविवार को “खेलो एमपी यूथ गेम्स–2025- मध्यप्रदेश का ओलंपिक” को लेकर हुई पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि यह देश में पहली बार ऐसा होगा, जिसमें खेल विभाग के साथ सभी मान्यता प्राप्त खेल संघ मिलकर समन्वित रूप से प्रतियोगिताओं का संचालन करेंगे।

यूथ गेम्स के प्रतिभागियों को राज्य टीम में मिलेगी प्राथमिकता

मंत्री सारंग ने कहा कि यूथ गेम्स में भाग लेने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भविष्य में राज्य टीम के चयन में प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। खेल संघों के साथ बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा समन्वय अधिकारी भी नियुक्त किये गये हैं। खेलों के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से उद्घाटन एवं समापन समारोह में खेल प्रेमियों को आमंत्रित किया जायेगा तथा राष्ट्रीय खेल महासंघों के प्रतिनिधियों को भी अतिथि के रूप में आमंत्रण दिया जायेगा।

उन्होंने बताया कि खेलो एमपी यूथ गेम्स–2025 में कुल 27 खेलों की प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी। प्रयास यह रहेगा कि जिन खेलों की परंपरा एवं लोकप्रियता जिस क्षेत्र में है, वहाँ उन्हीं स्थानों पर संबंधित प्रतियोगिताएँ करायी जाएँ। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, रीवा, शिवपुरी, ग्वालियर, सागर एवं नर्मदापुरम में प्रस्तावित है।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बना खेलों के लिये सकारात्मक माहौल

मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में खेल और खिलाड़ियों के लिये देश में सकारात्मक माहौल बना है, इसी का परिणाम है कि विश्व पटल पर खेलों के माध्मय से देश का नाम स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में खेल, खिलाड़ी और खेल मैदानों के उन्नयन के हम निरंतर कार्य कर रहे हैं। खेल विभाग विशेषकर युवाओं को खेलों के प्रति आकर्षित करन के लिये विभिन्न कार्यक्रम कर रहा है।

पारंपरिक खेलों को पहली बार किया गया शामिल

उन्होंने कहा कि “खेलो एमपी यूथ गेम्स–2025- मध्य प्रदेश का ओलंपिक” में पहली बार पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया गया है। इस बार पिट्टू और रस्साकशी को भी यूथ गेम्स में शामिल किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि क्रिकेट की युवाओं में लोकप्रियता को देखते हुए इसबार महिला और पुरूष क्रिकेट भी यूथ गेम्स का हिस्सा होंगे।

सभी खेल संघों के साथ किया गया समन्वय

सारंग ने बताया कि पहले यूथ गेम्स और खेल संघों के आयोजन अलग-अलग होते थे। दोनों की ही चयन प्रक्रिया अलग हुआ करती थी, लेकिन पहली बार खेल विभाग और सभी खेल संघ मिलकर यूथ गेम्स का आयोजन कर रहे हैं। इससे आयोजन का विस्तार होने के साथ ही खिलाड़ियों को भी यूथ गेम्स में प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि सभी खेल संघों के साथ समन्वय कर यूथ गेम्स का फोर्मेट तैयार किया गया है। जिससे राज्य स्तर की टीम में खिलाड़ियों को अवसर मिल सके।

ब्लॉक स्तर से होगी चयन प्रक्रिया

मंत्री सारंग ने बताया कि इस आयोजन में ब्लॉक स्तर से चयन प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। जिला स्तर पर प्रदेश के 313 विकासखंडों की भागीदारी होगी तथा राज्य स्तर पर भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, रीवा, सागर, उज्जैन एवं शहडोल प्रदेश के 08 संभागों की टीमें सहभागिता करेंगी।

उन्होंने बताया कि तीन चरणों (ब्लॉक, जिला एवं राज्य स्तर) में 14 खेलों की प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी, जिनमें एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, हॉकी, जूडो, खो-खो, मल्लखम्ब, तैराकी, वेटलिफ्टिंग, कुश्ती, टेबल टेनिस, योगासन, टेनिस एवं शतरंज शामिल हैं। वहीं चार चरणों (ब्लॉक, जिला, संभाग एवं राज्य स्तर) में 7 खेलों-बास्केटबॉल, फुटबॉल, कबड्डी, व्हॉलीबॉल, क्रिकेट, पारंपरिक खेल पिट्टू एवं रस्साकस्सी की प्रतियोगिताएँ होंगी। इसके अतिरिक्त 6 खेलों-ताईक्वांडो, फेंसिंग, रोईंग, क्याकिंग-कैनोईंग, शूटिंग एवं आर्चरी की प्रतिस्पर्धाएँ सीधे राज्य स्तर पर आयोजित की जाएँगी।

इन जिलों में होंगे विभिन्न खेलों के आयोजन

भोपाल में एथलेटिक्स, फेंसिंग, पुरुष क्रिकेट, क्याकिंग-कैनोईंग, रोईंग, तैराकी, शूटिंग, पुरुष हॉकी एवं बॉक्सिंग प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी। इंदौर में बास्केटबॉल, वेटलिफ्टिंग, टेबल टेनिस एवं टेनिस, शिवपुरी में महिला क्रिकेट, ग्वालियर में महिला हॉकी, पिट्टू एवं बैडमिंटन, उज्जैन में मल्लखम्ब, योगासन, कबड्डी, रस्साकशी एवं कुश्ती, जबलपुर में खो-खो एवं आर्चरी, रीवा में फुटबॉल एवं जूडो, नर्मदापुरम में ताईक्वांडो एवं शतरंज तथा सागर में व्हॉलीबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा।

मंत्री सारंग ने कहा कि खेलो एमपी यूथ गेम्स–2025 राज्य के उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करेगा और एमपी को खेलों के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *