नाबालिग युवती लापता, रिश्तेदार पर अपहरण का केस

शिमला, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिला शिमला के चौपाल थाना क्षेत्र में एक नाबालिग युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पिता की शिकायत पर युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार चौपाल के एक गांव के निवासी शख्स ने चौपाल थाना में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में उन्होंने बताया कि 18 दिसंबर की रात उनकी बेटी घर के एक अलग कमरे में सो रही थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरे कमरों में आराम कर रहे थे। सुबह जब परिवार के लोग उठे तो उनकी बेटी अपने कमरे में नहीं मिली।
उन्होंने बताया कि काफी तलाश के बाद भी बेटी का कोई सुराग नहीं लगा। बाद में उन्हें जानकारी मिली कि उनकी बेटी को उनका ही एक रिश्तेदार प्रमोद कथित तौर पर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इस पर उन्होंने तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और लापता नाबालिग युवती की तलाश के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और युवती की सुरक्षित बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा



