किशनगढ़ युवती हत्याकांड: एक साल से फरार आरोपित उदयपुर से गिरफ्तार
अजमेर, 10 सितम्बर (Udaipur Kiran News)। अजमेर जिले के किशनगढ़ उपखंड की गांधी नगर थाना पुलिस ने अंजू नामक युवती की हत्या के मामले में एक साल से फरार चल रहे आरोपित कैलाश सैनी उर्फ प्रिंस को उदयपुर से गिरफ्तार कर लिया।

एसपी वंदिता राणा के निर्देशन, एडिशनल एसपी ग्रामीण दीपक कुमार के सुपरविजन और सीआई संजय शर्मा के नेतृत्व में थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। गांधीनगर थाना पुलिस आरोपित को उदयपुर से दबोचकर किशनगढ़ लेकर आई, जहां उससे पूछताछ जारी है। प्रारंभिक पूछताछ में कैलाश ने कबूल किया कि अंजू उस पर शादी का दबाव बना रही थी, इसी कारण उसने उसकी हत्या कर दी।
सीआई संजय शर्मा के अनुसार, आरोपित कैलाश सैनी उर्फ प्रिंस झुंझुनूं जिले का निवासी है और उसने फेसबुक पर अंजू से दोस्ती की थी। अंजू मूल रूप से गाजियाबाद की रहने वाली थी और कैलाश के कहने पर किशनगढ़ आकर उसके साथ रहने लगी थी। दोनों को अक्सर मार्बल एरिया स्थित एसआरएस बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल के स्टूडियो अपार्टमेंट में देखा जाता था।
करीब एक साल पहले कैलाश ने उसी अपार्टमेंट में अंजू की हत्या कर दी और फरार हो गया। पुलिस को मौके से युवती का शव बरामद हुआ था। इसके बाद से आरोपित लगातार जयपुर, गुड़गांव, दिल्ली समेत कई जगह ठिकाना बदलता रहा, लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिली। अंततः उदयपुर में उसे दबोच लिया गया। फिलहाल पुलिस उससे आगे की जांच कर रही है।



