Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
SPORTS

केआईयूजी 2025: एथलेटिक्स में चार मीट रिकॉर्ड टूटे, शूटिंग में सुरभि राव ने जीता गोल्ड

केआईयूजी 2025: शूटिंग में सुरभि राव ने जीता गोल्ड

जयपुर, 02 दिसंबर (Udaipur Kiran) । खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स (केआईयूजी) राजस्थान 2025 में मंगलवार का दिन रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन और रोमांचक मुकाबलों के नाम रहा। सवाई मानसिंह स्टेडियम में एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के दूसरे दिन चार नए मीट रिकॉर्ड बने, जबकि शूटिंग में चंडीगढ़ विश्वविद्यालय की सुरभि राव ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा का स्वर्ण अपने नाम किया।

एथलेटिक्स: चार नए मीट रिकॉर्ड बनाए गए

चंडीगढ़ विश्वविद्यालय के राहुल ने पुरुषों की 20 किमी रेस वॉक में 1:25:43.00 समय लेकर 2022 का पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया। वहीं महिलाओं के जेवलिन थ्रो में दीपिका ने 55.53 मीटर का थ्रो कर नया KIUG रिकॉर्ड स्थापित किया।

स्वर्णिम गुजरात स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के रुचिर मोरी ने पुरुषों की 400 मीटर हर्डल्स में 51.00 सेकंड का समय दर्ज कर रिकॉर्ड बनाया।

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी की पूजा ने महिलाओं की हाई जंप में 1.77 मीटर की छलांग लगाकर नया मीट रिकॉर्ड दर्ज किया।

शूटिंग: सुरभि राव ने 10मी. एयर पिस्टल में स्वर्ण जीता

जगतपुरा शूटिंग रेंज में चंडीगढ़ विश्वविद्यालय की सुरभि राव ने 238.9 स्कोर के साथ महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।

मनव रचना यूनिवर्सिटी की वाणी कौशल ने 237.6 स्कोर के साथ रजत और एलपीयू की लक्षिता ने 216.8 के स्कोर के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

टीम इवेंट में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने गोल्ड, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी ने सिल्वर और डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय ने कांस्य जीता।

चंडीगढ़ विश्वविद्यालय की मजबूत दावेदारी

पिछले संस्करण की चैंपियन चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी ने मंगलवार को कुल 11 स्वर्ण, जिनमें 7 कैनू और कयाकिंग से आए, जीतकर अपना गोल्ड टैली बढ़ाकर 22 कर ली।

गुरु नानक देव विश्वविद्यालय 31 स्वर्ण के साथ तालिका में अभी भी शीर्ष पर है, जबकि लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी ने 23 स्वर्ण पदक हासिल करके तीसरा स्थान मजबूत किया है।

अन्य प्रमुख परिणाम

कैनू/कयाकिंग में चंडीगढ़ विश्वविद्यालय और गुरु नानक देव विश्वविद्यालय ने कई स्पर्धाओं में दबदबा बनाया। फुटबॉल पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल में यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिकट और गुरु नानक देव विश्वविद्यालय ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई।

हॉकी पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल में गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय और महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ ने 2-0 के समान अंतर से जीत हासिल की। टेबल टेनिस क्वार्टरफाइनल में आदमास, पंजाब, चितकारा और जैन विश्वविद्यालय विजेता रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *