Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
DELHI

मुखर्जी नगर में चाकूबाजी का मामला सुलझा, नाबालिग समेत पांच को पकड़ा

पुलिस का लोगो

नई दिल्ली, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर-पश्चिम जिले के मुखर्जी नगर क्षेत्र में हुई चाकूबाजी और हत्या के प्रयास के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस टीम ने महिला समेत चार आरोपित और एक नाबालिग को पकड़ा है।

उत्तर-पश्चिम जिलेके पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने मंगलवार काे बताया कि साेमवार रात करीब 12:10 बजे एक पीसीआर कॉल के जरिए चाकूबाजी की सूचना मिली थी। मुखर्जी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घायल व्यक्ति को पहले ही इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल ले जाया जा चुका था। अस्पताल पहुंचकर पुलिस ने घायल के बयान दर्ज किए। पीड़ित ने बताया कि वह अपने भाई के साथ मुखर्जी नगर स्थित गुरुद्वारे के पास एक रेस्तरां में खाना खाने गया था। उसी दौरान एक युवती और उसके साथ मौजूद 4-5 युवक नशे की हालत में उनसे उलझ पड़े। आरोप है कि सभी ने दोनों भाइयों को रेस्तरां/लाइब्रेरी के अंदर बंद करने की कोशिश की, लेकिन वे किसी तरह वहां से निकलने में सफल रहे।

इसके बाद रेस्तरां के बाहर आरोपितों ने पीड़ित के भाई को पकड़ लिया और एक युवक ने चाकू से पेट और हाथ पर वार कर दिया। आरोप है कि युवती लगातार आरोपितों को जान से मारने के लिए उकसा रही थी। किसी तरह दोनों भाई वहां से भागकर अपने पीजी पहुंचे और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार घटना को गंभीरता से लेते हुए मुखर्जी नगर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी और स्थानीय खुफिया सूचनाओं के आधार पर कई जगह छापेमारी की। इस बीच गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने चार आरोपित रमेश (26), गौतम (23), सत्यम (25) और एक महिला (26) को दबोच लिया। इसके अलावा एक नाबालिग को भी पकड़ा है। पूछताछ में आरोपितों ने वारदात में शामिल होने की बात कबूल कर ली। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए सभी आरोपित पहली बार किसी आपराधिक मामले में शामिल पाए गए हैं। हालांकि, इस मामले में मोहिट और उसके कुछ अन्य साथी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *