Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

चंद घंटे की बारिश में डूबा कोलकाता तो मुख्यमंत्री ममता ने डीवीसी को ठहराया जिम्मेदार

ममता

कोलकाता, 23 सितंबर (Udaipur Kiran News) । दुर्गापूजा से कुछ ही दिन पहले हुई मूसलाधार बारिश ने कोलकाता और आसपास के इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। सड़कों से लेकर घरों तक पानी भर गया है। महानगर में खुले तारों से करंट लगने की वजह से पांच लोगों की मौत भी हो चुकी है। इसमें शहर प्रशासन की लापरवाही स्वीकार करने के बजाय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हालात को गंभीर बताते हुए इसका ठीकरा डीवीसी (दामोदर वैली कॉरपोरेशन) के सिर फोड़ा है।

मंगलवार शाम अपने एक ट्वीट में सीएम ने कहा कि डीवीसी की ओर से एकतरफा पानी छोड़े जाने की वजह से पहले ही राज्य में बाढ़ जैसी स्थिति थी। नदी-नाले उफान पर थे। इसके अलावा फरक्का बैराज से भी बिहार और उत्तर प्रदेश का भारी पानी छोड़ा गया। अजीबोगरीब दावा करते हुए ममता ने कहा कि इस पानी से पहले से ही बंगाल के नदी नाले भरे हुए थे और ड्रेजिंग नहीं होने से समस्या और बढ़ गई। ऊपर से अचानक आई भीषण बारिश ने हालात को और बिगाड़ दिया।

मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि मंगलवार से सभी सरकारी स्कूल बंद रहेंगे। कॉलेज और विश्वविद्यालयों में भी अगले दो दिनों तक छुट्टी रहेगी। निजी दफ्तरों को अगले दो दिन वर्क फ्रॉम होम का पालन करने को कहा गया है। सरकारी दफ्तरों में भी यही व्यवस्था लागू होगी। उन्होंने कहा कि लोगों की जिंदगी बचाना ही हमारी प्राथमिकता है।

—–

करंट लगने से मौत पर दुख

बारिश और जलजमाव के बीच करंट लगने से कई लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री ने गहरा शोक जताया। उन्होंने कहा कि जिंदगी की कोई भरपाई नहीं हो सकती, फिर भी मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद दी जाएगी। ममता ने बताया कि हर परिवार से एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी। साथ ही, उन्होंने सीईएससी से भी पीड़ित परिवारों को क्षतिपूर्ति देने को कहा है।

——-

नियंत्रण कक्ष और मदद के लिए नंबर

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राज्य सचिवालय नवान्न में कंट्रोल रूम खोला गया है जो 24 घंटे चालू रहेगा। इसके फोन नंबर हैं – 91-33-22143526 और 91-33-22535185। इसके अलावा टोल-फ्री नंबर 91-8697981070 पर भी मदद ली जा सकती है।

ममता बनर्जी ने कहा कि आज वह कोलकाता के किसी भी पंडाल में उद्घाटन के लिए नहीं जाएंगी। हालांकि, जिलों के पंडालों का उद्घाटन वह वर्चुअली करेंगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि आने वाले कुछ दिन बेहद सतर्क रहें।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *