Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
SPORTS

कुलदीप यादव को मिली दिग्गज लियोनेल मेसी से साइन की हुई अर्जेंटीना फुटबॉल टीम की जर्सी

कुलदीप यादव को जर्सी भेंट करते मेसी

नई दिल्ली, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव को फुटबॉल जगत के महान खिलाड़ी लियोनेल मेसी से खास तोहफा मिला है। मेसी के ‘गोट इंडिया टूर 2025’ के तहत राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली दौरे के दौरान कुलदीप को मेसी की हस्ताक्षरित अर्जेंटीना फुटबॉल जर्सी भेंट की गई।

एडिडास इंडिया के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ने इस खास मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों में कुलदीप यादव के साथ-साथ भारत के दो बार के पैरालंपिक भाला चैंपियन और वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियन सुमित अंतिल तथा दो बार के पैरालंपिक पदक विजेता और विश्व चैंपियनशिप स्वर्ण पदकधारी पैरा हाई-जंपर निषाद कुमार भी नजर आए। एक तस्वीर में सुमित अंतिल हाथ में भाला लिए मेसी के साथ पोज देते दिखे, जबकि मेसी ने इस दौरान भारतीय टी20 टीम की जर्सी पहन रखी थी।

इस अवसर पर भारतीय मुक्केबाज़ निकहत ज़रीन, महिला विश्व कप विजेता टीम की गेंदबाज़ रेणुका सिंह ठाकुर और निषाद कुमार ने भी मेसी से मुलाकात की। मेसी ने रेणुका सिंह के लिए एक क्रिकेट गेंद पर हस्ताक्षर किए, जबकि निषाद कुमार को हस्ताक्षरित अर्जेंटीना जर्सी भेंट की।

कुलदीप यादव फुटबॉल के बड़े प्रशंसक हैं और उन्होंने कई बार एफसी बार्सिलोना के प्रति अपनी पसंद जाहिर की है। मेसी ने वर्षों तक एफसी बार्सिलोना का प्रतिनिधित्व किया है, इसके बाद वे पेरिस सेंट-जर्मेन (पीएसजी) और वर्तमान में इंटर मियामी के लिए खेल रहे हैं।

लियोनेल मेसी ने अपने चार शहरों के ‘गोट इंडिया टूर’ की शुरुआत कोलकाता से की थी। इसके बाद वे हैदराबाद, मुंबई और अंत में 15 दिसंबर को दिल्ली पहुंचे। दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के चेयरमैन जय शाह ने अरुण जेटली स्टेडियम में मेसी, रोड्रिगो डी पॉल और लुइस सुआरेज़ को भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी भेंट की। इस दौरान मेसी को नंबर 10, सुआरेज़ को नंबर 9 और डी पॉल को नंबर 7 की जर्सी दी गई, जिन पर उनके नाम भी अंकित थे।

जय शाह ने मेसी को आगामी टी-20 वर्ल्ड कप में शामिल होने का न्योता भी दिया और प्रतीकात्मक रूप से टिकट सौंपा, जो इस दौरे के अंतिम चरण का प्रमुख आकर्षण रहा। दिल्ली में मेसी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के अध्यक्ष रोहन जेटली से भी मुलाकात की।

अपने दौरे के समापन पर मेसी गुजरात के जामनगर पहुंचे, जहां उन्होंने अनंत अंबानी के वन्यजीव संरक्षण और पुनर्वास केंद्र वनतारा का दौरा किया। इसके बाद वे मंगलवार को भारत से रवाना हो गए।

इससे पहले मुंबई चरण के दौरान मेसी ने भारतीय क्रिकेट के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर और भारतीय फुटबॉल के दिग्गज सुनील छेत्री से मुलाकात की और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। हैदराबाद में उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के साथ एक प्रदर्शनी मैच भी खेला और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से भी भेंट की।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *