सिरसा: प्रदेश में कानून व्यवस्था बदहाल,लोग असुरक्षित:सुशील गुप्ता

सिरसा, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डा. सुशील गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था तार-तार हो चुकी है। डबवाली में मासूम बच्ची की अपहरण के बाद हत्या कर दी जाती है, जोकि सरकार व सिस्टम पर सवालिया निशान लगाती है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली सरकार में आज महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। रोजाना प्रदेश में फिरौती, गैंगवार, हत्या सहित संगीप अपराध हो रहे हैं, लेकिन सरकार इन सब के बावजूद हाथ पर हाथ धरे तमाशा देख रही है। डॉ. गुप्ता शनिवार को सिरसा में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
डा. गुप्ता ने कहा कि चिट्टा प्रदेश के सभी जिलों में पैर पसार चुका है। नशे के आदी युवक लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जिसका मुख्य कारण है बेरोजगारी। बेरोजगार के कारण युवा मानसिक तनाव में हैं और बेरोजगारी के कारण ही युवक संपत्तियां बेचकर डंकी रास्ते से विदेश में जाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के संरक्षण में प्रदेश में कई फिरौती गैंग पनप चुके हैं। डा. गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब में बिना भेदभाव के सरकारी नौकरियां दे रही है। यही नहीं सरकार द्वारा अभियान चलाकर न नशे पर रोक लगाकर बड़े-बड़े मगरमच्छ तस्करों को जेल में डालने का काम किया है। इससे पूर्व उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक ली और संगठन को मजबूत बनाने के निर्देश दिए। इस मौके पर लोकसभा अध्यक्ष कुलदीप गदराना, जिला अध्यक्ष हैप्पी रानियां, जिला पार्षद जसदेव सिंह निक्का, गुरभेज सिंह, संदीप कौर, बलविंदर बराड़, कविता नागर, सरोज मानव, दर्शन कौर, श्याम मेहता, डा. सुकेश अरोड़ा, मलकीत सिंह चोरमार आदि मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / Dinesh Chand Sharma



