Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

संगरिया विकास जैन हत्याकांड का 60 घंटे में खुलासा, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शूटर गिरफ्तार

जयपुर, 16 सितम्बर (Udaipur Kiran News): हनुमानगढ़ जिले के संगरिया कस्बे में हुई व्यापारी विकास जैन की हत्या का पुलिस ने मात्र 60 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े कुख्यात शार्प शूटर जलंधर सिंह उर्फ अमृतपाल सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अमृतपाल तीन महीने पहले पंचकूला में हुए सोनू माल्टा हत्याकांड में भी वांछित था। पुलिस ने उसे हरियाणा के धर्मपुरा से दबोचा।

Lawrence Bishnoi Gang Shoote

आईजी बीकानेर रेंज हेमंत शर्मा ने बताया कि 12 सितंबर को हत्या की सूचना मिलते ही एसपी हनुमानगढ़ हरीशंकर ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। गंभीर मामले को देखते हुए एएसपी जनेश तंवर के नेतृत्व में 10 विशेष टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके ठिकानों पर दबिश दी।

गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य शूटर जलंधर सिंह उर्फ अमृतपाल, गैंग से फंडिंग प्राप्त करने वाले और वाहन उपलब्ध कराने वाले हरदीप सिंह उर्फ दीप, मखिंद्र सिंह उर्फ लवली और मनप्रीत सिंह उर्फ मनी शामिल हैं। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि ये सभी न केवल हत्या में सीधे शामिल थे, बल्कि आपराधिक गैंग से फंडिंग और संसाधन भी प्राप्त कर रहे थे। अब पुलिस इनके सहयोगियों और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

इस सफल ऑपरेशन में संगरिया, तलवाड़ा और टिब्बी थानों के अधिकारियों और जिला विशेष टीम ने अहम भूमिका निभाई। आईजी हेमंत शर्मा ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की तेज कार्रवाई से अपराधियों के मनोबल पर अंकुश लगेगा। मृतक विकास जैन (48) वार्ड नंबर 29, संगरिया निवासी थे।

घटना 12 सितंबर दोपहर करीब 2 बजे धानमंडी की है। विकास जैन अपनी दुकान पर बैठे थे। उनके पार्टनर नरेश कुमार अरोड़ा ने उन्हें फोन किया, लेकिन जवाब नहीं मिला। जब वे दुकान पहुंचे तो जैन फर्श पर पड़े थे और उनके चेहरे व पेट पर गोली के निशान थे। घटनास्थल से गोलियों के खाली खोखे भी मिले। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हत्या की सूचना के तुरंत बाद एसपी हरीशंकर ने सख्त निर्देश दिए। एएसपी जनेश तंवर और वृताधिकारी करण सिंह के नेतृत्व में गठित 10 टीमों ने तकनीकी और जमीनी इनपुट का उपयोग कर आरोपियों को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *