Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
CRIME

पुलिस की मौजूदगी में वकीलों का पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन पर हमला

पुलिस की मौजूदगी में वकीलों का पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन पर हमला
पुलिस की मौजूदगी में वकीलों का पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन पर हमला

अजमेर, 19 दिसम्बर(Udaipur Kiran) ।जिला न्यायालय के बाहर स्पीड ब्रेकर नहीं बनाए जाने से नाराज वकीलों ने शुक्रवार को उग्र प्रदर्शन करते हुए पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन विपिन जिंदल पर कथित हमला कर दिया। सिविल लाइन थाना पुलिस और आला पुलिस अधिकारी किसी तरह बीच बचाव कर एक्सईएन को वकीलों की भीड़ के चंगुल से बचा ले गए। इससे पहले वकीलों ने न्यायालय के बाहर जयपुर रोड के दोनों ओर जाम लगाकर स्पीड ब्रेकर बनाए जाने में विलम्ब को लेकर नाराजगी प्रदर्शित की और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को मौके पर बुलाए जाने की मांग रखी। पुलिस की मौजूदगी में पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन विपिन जिंदल जब पहुंचे तो वकीलों का झुंड उनसे उलझ गया और सवाल—जवाब करने लगा। एक्सईएन जिंदल के साथ अमर्यादित भाषा में बात किए जाने पर जिंदल ने वकीलों के समक्ष संयमित बर्ताव करने की सलाह दी इससे वकील कुपित हो गए और वकीलों की भीड़ ने एक्सईएन पर हाथ छोड़ दिए। यह सब इतना एकाएक हुआ कि मौजूद पुलिस अधिकारी भी स्थिति को नहीं भांप पाए व तुरंत ही पीडल्यूडी अधिकारी को मौके से लगभग भगाते हुए सुरक्षित स्थान की तलाश में चल पड़े। वकीलों के द्वारा की गई हाथापाई में एक्सईएन के नाक पर चोट आई है जिनका जेएलएन में उपचार कराया गया।

इस घटना के बाद प्रशासनिक गलियारे में हलचल मच गई है। जिले भर के इंजीनियर एसोएिसशन, ठेकेदार, निर्माण विभाग से जुड़े कर्मचारी, अधिकारी कलेक्ट्रेट पर धरने पर बैठ गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने व एफआईआर दर्ज करने की मांग करने लगे। अधिकारियों का कहना है कि जब पुलिस की मौजूदगी में ही अधिकारी व इंजीनियर सुरक्षित नहीं है पुलिस स्वयं संज्ञान लेकर अपराधी को नहीं पकड़ रही है तो फिर कानून ​व्यवस्था कैसे कायम होगी। लोग स्वंय को सुरक्षित कहां पाएंगे। अभियंताओं और ठेकेदारों ने सभी निर्माण कार्य ठप किए जाने की भी चेतावनी दी।

एक्सईएन विपिन जिंदल ने बताया कि नई कोर्ट बिल्डिंग के बाहर स्पीड ब्रेकर बनाने थे। किसी कारणवश शुक्रवार को काम नहीं हो सका जिसकी सूचना भी दे दी गई थी। वकीलों के द्वारा रास्ता जाम कर प्रदर्शन किए जाने पर उन्हें मौके पर बुलाया गया जहां उनके साथ हाथापाई की गई जो किसी भी नियम से सही नहीं है। पुलिस ने बचाकर वहां से निकाला है। इस मामले में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की जाएगी।

अजमेर जिला बार एसोसिएशन के सचिव रूपेन्द्र परिहार ने बताया कि करीब दो घंटे में स्पीड ब्रेकर बनाकर देने के आश्वासन पर जाम खोल दिया गया। उन्होंने एक्सईएन पीडब्ल्यूडी से हाथापाई की बात से इंकार किया। कहा कि अधिकारी द्वारा अभद्र भाषा का उपयोग बार अध्यक्ष के साथ किया गया था तभी पुलिस अधिकारी उसे बाहर ले जाने लगे ऐसा लगा कि अधिकारी के साथ मारपीट की गई। जबकि ऐसा कुछ नहीं हुआ।

परिहार ने कहा कि कोर्ट के नए भवन तक जाने के लिए रोड क्रॉस करनी होती है। हाईवे होने के कारण यहां यातायात बना रहता है। वकीलों और पक्षकारों को कई बाहर वाहनों की टक्कर लग चुकी है। इस कारण जिला बार एसोसिएशन ने कोर्ट भवन के बाहर दोनों तरफ जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था।

जानकारी के अनुसार विरोध प्रदर्शन की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिटी हिमांशु जांगिड़ और प्रशिक्षु आईपीएस अजय सिंह मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने बार के पदाधिकारियों से समझाइश व चर्चा कर जाम खुलवाया और शांति व कानून व्यवस्था को कायम किया।

—————

(Udaipur Kiran) / संतोष

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *