Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
UTTRAKHAND

मंगोली क्षेत्र में अराजक तत्वों से सुरक्षा की मांग, पुलिस को सौंपा पत्र

स्थानीय महिला को धमकी देती बाहरी महिला।

नैनीताल, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जनपद मुख्यालय से सटे मंगोली-गहलना क्षेत्र में एक स्थानीय निर्धन महिला के साथ एक बाहरी महिला व्यवसायी के द्वारा सड़क पर धक्का-मुक्की किये जाने की घटना सामने आयी है। इस कारण स्थानीय महिला को चोट लगने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि स्थानीय महिला की भूमि पर कब्जे का प्रयास भी किया गया।

इसी बीच क्षेत्र पंचायत सदस्य मुकेश महरा ने मंगोली चौकी पुलिस को शिकायती पत्र सौंपकर अपनी और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कुछ बाहरी लोग संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त हैं और दबंगई के बल पर ग्रामीणों की जमीनों पर कब्जे का प्रयास कर रहे हैं। शिकायत में कहा गया है कि पूर्व में जिलाधिकारी को अवगत कराने के बाद राजस्व पुलिस मौके पर पहुंची थी, जहां संबंधित लोगों द्वारा अभद्रता की गई।

आरोप है कि प्रशासन तक सूचना देने के कारण अब उन्हें जान से मारने और और झूठे मुकदमों में फंसाने की की धमकी दी जा रही है। क्षेत्र पंचायत सदस्य ने मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कर कार्रवाई की मांग करते हुए निजी सुरक्षा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने अराजक गतिविधियों के विरोध में सोमवार 22 दिसंबर को मंगोली में धरना-प्रदर्शन आयोजित करने की सूचना दी है।

ग्रामीणों के अनुसार यहां बाहरी लोग आए दिन झगड़े करते हैं, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

(Udaipur Kiran) / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *