आरयूबी निर्माण कार्य के चलते समपार फाटक संख्या 16 बंद

जोधपुर, 05 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल की ओर से मेड़ता रोड-बीकानेर रेलखंड पर स्थित सुरपुरा स्टेशन यार्ड में आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण के तहत समपार फाटक संख्या 16 (किमी 508/4-5) पर रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) के निर्माण कार्य की शुरुआत की जा रही है। इस महत्वपूर्ण निर्माण कार्य के चलते दिन उक्त समपार फाटक को यातायात तत्काल प्रभाव से पूर्णतया बंद कर दिया गया है।
डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि निर्माण अवधि के दौरान स्थानीय नागरिकों एवं वाहन चालकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समीपवर्ती आरयूबी संख्या 7 ई (किमी 507/7-8) तथा आरयूबी संख्या 7 डी (किमी 509/1-2) को विकल्प मार्ग (डाइवर्जन रूट) के रूप में उपयोग करने की व्यवस्था की गई है।
दोनों आरयूबी उक्त फाटक से मात्र पांच सौ से छह सौ मीटर की दूरी पर स्थित हैं और इनके माध्यम से सभी प्रकार का यातायात सुरक्षित रूप से संचालित किया जा सकेगा। रेलवे द्वारा स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस विभाग से अनुरोध किया गया है कि डाइवर्जन मार्गों पर आवश्यक यातायात प्रबंधन, मार्ग-निर्देशन व सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए नागरिकों को सुचारू आवागमन में सहयोग प्रदान करें।
(Udaipur Kiran) / सतीश



