Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

मप्र के छिंदवाड़ा जिले में तामिया की वादियों में गूंज रहा है लाइट…कैमरा…एक्शन

तामिया की वादियों में गूंज रहा है लाइट...कैमरा...एक्शन

– तामिया-पातालकोट में शुरू हुई शूटिंग, आने वाले 50 दिनों तक विभिन्न गांवों में चलेगी शूटिंग

छिन्दवाडा, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में सतपुड़ा की खूबसूरत घाटियां, ठंड में कभी धूप-कभी कोहरा, चारों तरफ हरियाली, पहाड़, गांवों की गलियां और कही-कहीं बहते झरने, फिल्मों की शूटिंग के लिए मनचाही लोकेशन्स साऊथ फिल्म इंडस्ट्री को तामिया की ओर खींच रही है, यहां तेलगू फिल्म भैरवी की शूटिंग शुरू हो चुकी है। साथ ही दो अन्य फिल्मों टारगेट व आडू बुलेट रा की शूटिंग शुरू होने वाली है। फिल्मों की शूटिंग के जरिए स्थानीय लोगों को भरपूर रोजगार भी उपलब्ध करवाया जा रहा है।

कलेक्टर हरेंद्र नारायन व जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार के कुशल मार्गदर्शन में जिला प्रशासन के संवेदनशील रूख से तामिया में फिल्मों की शूटिंग के लिए बेहतरीन माहौल तैयार किया गया है और तेलगू फिल्मों की शूटिंग का सिलसिला आगे बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड और जिला प्रशासन के सहयोग से तामिया में फिल्मों की शूटिंग के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं, अनुमति समय सीमा में पूरी की जा रही है। स्थानीय स्तर पर फिल्म मेकिंग से जुड़े स्टाफ को सुरक्षित माहौल उपलब्ध करवाया जा रहा है, इससे साऊथ फिल्म इंडस्ट्री का झुकाव यहां पर शूटिंग के लिए लगातार बढ़ रहा है। नतीजा यह है कि आने वाले करीब 50 दिनों तक तामिया और इसके आस-पास के अंचल में लगातार तीन फिल्मों और वीडियो एलबम की शूटिंग की जाना है। साऊथ फिल्म इंइस्ट्री से छिंदवाड़ा आईं साउथ की जानी मानी प्रोडूयूसर विजयलक्ष्मी गुड़लुरी एवं डायरेक्टर अशोक (भैरवी), बी माधव रेड्डी एवं डायरेक्टर कट्टा श्रीनिवासा (आडू बुलेट रा) और प्रोड्यूसर शेख़ नईम अहमद तथा डायरेक्टर तनिषा रूपा ने शूटिंग के लिए लोकेशन्स को फाइनल किया है।

होम स्टे में भी होगी शूटिंग – तामिया में फिल्म की शूटिंग की व्यवस्था से जुड़े कोलंबस मल्टीमीडिया के लाइन प्रोड्यूसर उमरगुल खान ने जानकारी दी कि भैरवी, टारगेट और आडू बुलेट रा की शूटिंग के दौरान तामिया, पी डब्लू डी गेस्ट हाउस, पाटन गांव, तामिया व्यू प्वाइंट, तुलतुला मंदिर, तामिया बाजार की ज्यादा से ज्यादा लोकेशन दिखाई जाएंगी। श्री खान बताते हैं कि तामिया के लोगों का खुशमिजाज व्यवहार, सादगी भरे अंदाज, सुरक्षित माहौल और अच्छी लोकेशन के कारण हमारा प्रयास रहता है कि अधिक से अधिक फिल्मों की शूटिंग यहां हो। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा विकसित किए जा रहे पर्यटन ग्राम काजरा, सावरवानी में भी फिल्मों की शूटिंग होगी और होम स्टे को स्क्रीन पर दिखाया जाएगा।

स्थानीय लोगों को मिल रहा रोजगार –

साऊथ की फिल्मों की शूटिंग से तामिया में स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध करवाया जा रहा है। तकनीकी स्टाफ में स्थानीय युवाओं का सहयोग लिया जा रहा है। होटल और कैटरिंग का काम लिया जा रहा है। स्थानीय कलाकारों, केटरर, पेंटर, ट्रेवल्स एवं अन्य लोगों को रोजगार से जोडऩे की पहल भी की जा रही है। तामिया से आकाश मंडराह एवं अमन सरवैया अपनी टीम के साथ इन फिल्मों के लिए असिस्टेंट लाइन प्रोड्यूसर का काम करेंगे।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *