Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
SPORTS

इंडिया टूर के आखिरी पड़ाव के लिए दिल्ली पहुंचे लियोनेल मेसी

दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी

नई दिल्ली, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी सोमवार दोपहर अपने इंडिया टूर के अंतिम चरण के तहत नई दिल्ली पहुंचे। खराब मौसम के कारण उनकी उड़ान में देरी हुई, जिससे वह तय समय से कुछ देर बाद राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे।

मेसी को सोमवार सुबह दिल्ली पहुंचना था, लेकिन कोहरे के चलते उनकी चार्टर्ड फ्लाइट में देरी हो गई। दिल्ली पहुंचते ही वह सीधे लीला पैलेस होटल रवाना हुए, जहां वह करीब एक घंटे तक चुनिंदा लोगों के साथ मीट-एंड-ग्रीट कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

राष्ट्रीय राजधानी में मेसी के कार्यक्रम में प्रदर्शनी मैच, स्टेज इवेंट, बच्चों के लिए फुटबॉल क्लिनिक और कई हाई-प्रोफाइल निजी मुलाकातें शामिल हैं। इसे देखते हुए दिल्ली प्रशासन ने उनकी यात्रा के मद्देनज़र भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने के लिए विशेष सुरक्षा और एहतियाती इंतजाम किए हैं।

इससे पहले मेसी रविवार शाम मुंबई में मौजूद थे, जहां उन्होंने वानखेड़े स्टेडियम में क्रिकेट जगत के दिग्गज सचिन तेंदुलकर, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, मौजूदा और पूर्व भारतीय फुटबॉल खिलाड़ियों के साथ-साथ फिल्मी सितारों, सेलिब्रिटीज़ और राजनेताओं से मुलाकात की।

मुंबई, मेसी के गोट इंडिया टूर 2025 का तीसरा पड़ाव रहा। इससे पहले उन्होंने कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में संक्षिप्त उपस्थिति दर्ज कराई थी, जबकि हैदराबाद के उप्पल स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में वह अपेक्षाकृत अधिक समय तक फैंस से जुड़े।

हालांकि, मेसी का गोट टूर शुरुआत में अव्यवस्था का शिकार रहा। कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में आयोजकों की ओर से भीड़ प्रबंधन में चूक देखने को मिली, जहां हजारों प्रशंसक लुइस सुआरेज़ और रोड्रिगो डी पॉल के साथ पहुंचे मेसी की एक झलक पाने के लिए उमड़ पड़े। अव्यवस्था के कारण फैंस की उत्सुकता निराशा में बदल गई।

इसके बाद मेसी तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद पहुंचे, जहां उन्होंने कई फोटो सेशन में हिस्सा लिया, बच्चों के साथ फुटबॉल खेलते नजर आए और एक अधिकारी से अनौपचारिक बातचीत भी की। उप्पल स्टेडियम में मेसी वीआईपी बॉक्स में बैठे नजर आए। उन्होंने कैमरे की ओर हाथ हिलाकर दर्शकों का अभिवादन किया और मैदान पर चल रहे मैच के दौरान बड़ी स्क्रीन और प्रसारण के जरिए फैंस को अपनी झलक दिखाई।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *