Skip to content
Sunday, 1 November 2026
BREAKING
HARYANA

गुरुग्राम: वीर बाल दिवस पर चार साहिबजादों की अमर गाथा का किया सजीव मंचन

गुरुग्राम में वीर बाल दिवस पर सफर-ए-शहादत में चार साहिबजादों की अमर गाथा का मंचन करते कलाकार।

-लाइट एंड साउंड शो ने साहस, आस्था और बलिदान के मूल्यों से दर्शकों को किया भावविभोर

-एसजीटी यूनिवर्सिटी में किया गया लाइट एंड साउंड शो

गुरुग्राम, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । वीर बाल दिवस के अवसर पर हरियाणा कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग तथा जिला प्रशासन गुरुग्राम के संयुक्त तत्वावधान में एसजीटी विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में सफर-ए-शहादत विषय पर आधारित भव्य लाइट एंड साउंड शो आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य सिख इतिहास में चार साहिबजादों के अद्वितीय साहस, त्याग और शहादत की गाथा को जनमानस, विशेषकर युवा पीढ़ी तक प्रभावी रूप से पहुंचाना रहा।

यह लाइट एंड साउंड शो सिख इतिहास की महत्वपूर्ण घटनाओं पर केंद्रित रहा, जिसमें श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के सर्वोच्च बलिदान से लेकर चमकौर साहिब की ऐतिहासिक लड़ाई तथा साहिबजादा बाबा जोरावर सिंह जी और साहिबजादा बाबा फतेह सिंह जी की शहादत तक की प्रेरक यात्रा को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। आधुनिक एलईडी विजुअल्स, प्रकाश, ध्वनि प्रभाव, एनिमेशन एवं वीएफएक्स के माध्यम से इतिहास के इन गौरवशाली क्षणों को जीवंत किया गया।

कार्यक्रम में एसजीटी विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रो. डॉ. हेमंत वर्मा, जिला प्रशासन गुरुग्राम से सीटीएम सपना यादव, डिवीजनल कमिश्नर की ओएसडी सिमरन, विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार सुबोध कुमार, चेयरमैन के ओएसडी रजनीश यादव सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया। चंडीगढ़ से आए कलाकारों की टीम ने निर्देशक तलविंदर सिंह भुल्लर के मार्गदर्शन में सशक्त अभिनय प्रस्तुत किया, जिसने दर्शकों को साहिबजादों के अदम्य साहस, अटूट विश्वास और सर्वोच्च बलिदान से भावनात्मक रूप से जोड़ दिया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर एसजीटी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार द्वारा निर्देशक एवं उनकी टीम को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रभक्ति, नैतिक मूल्यों और त्याग की भावना को सुदृढ़ करते हैं तथा उन्हें देश के महान इतिहास से जोडऩे का प्रभावी माध्यम बनते हैं। लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से साहिबजादों के त्याग, शौर्य और बलिदान का संदेश गहराई से दर्शकों तक पहुंचा, जिससे पूरा वातावरण श्रद्धा और गर्व से ओतप्रोत हो गया।

(Udaipur Kiran)

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *