Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

उपभोक्ता बन कर पहुंची रसद विभाग की टीम, कैफे के पास लोहे की केबिन में हो रही थी गैस रिफलिंग, आठ सिलेंडर जप्त

चित्तौड़गढ़ जिले के भादसोड़ा थाना इलाके में अवैध गैस सिलेंडर के खिलाफ कार्यवाही करते रसद विभाग की टीम।

चित्तौड़गढ़, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । रसद विभाग की टीम ने रविवार को चित्तौड़गढ़ जिले में अवैध गैस रिपेयरिंग के खिलाफ कार्रवाई की है। लगातार मिल रही शिकायत के बाद रसद विभाग की टीम उपभोक्ता बन कर पहुंची। यहां लोहे के केबिन का शटर हटाया तो अंदर से गैस सिलेंडर एवं रिफिलिंग की मशीन मिली। इस पर रसद विभाग ने नियमानुसार कार्यवाही करते हुए मौके से कुल आठ गैस सिलेंडर एवं रिफिलिंग की दो मशीन जप्त करते हुए आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।

रसद विभाग चित्तौड़गढ़ की प्रवर्तन अधिकारी सुमन तिवारी ने बताया कि लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि चित्तौड़गढ़-उदयपुर सिक्सलेन पर भादसोड़ा चौराहे के यहां पर अवैध गैस रिफिलिंग का कार्य होता है। भगवान श्री सांवलियाजी मंदिर श्रद्धालुओं का आना-जाना रहता है। ऐसे में गैस अवैध रिफिलिंग के चलते यहां कोई बड़ा हादसा हो सकता है।इस पर रसद विभाग की टीम रविवार अपराह्न में मौके पर पहुंची। यहां मुखबिर की ओर से बताए गए स्थान श्री कैफे निकट दो गैस सिलेंडर पड़े हुए थे। यहां एक युवक मिला जिससे रसद विभाग की टीम ने उपभोक्ता बनते हुए गैस रिफिलिंग की बात की। मौके पर गोविंद पुत्र प्यारचंद माली मिला। इसने कहा कि वह ही यहां गैस रिफिलिंग करता है। उसने चालक से गाड़ी मंगवा तथा रिफलिंग के लिए केबिन के शटर हटाए। केबिन के अंदर गैस सिलेंडर के अलावा रिपेयरिंग की मशीन भी पड़ी हुई थी। ऐसे में मौके पर रसद विभाग की प्रवर्तन अधिकारी सुमन तिवारी तथा इंस्पेक्टर विजय कुमार थालौड़ ने परिचय देते हुए कार्यवाही शुरू की। मौके पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। मौके से कुल आठ गैस सिलेंडर और दो गैस रिफिलिंग की मशीन जप्त की गई है। अब अग्रिम कार्रवाई के तहत जिला कलक्टर की कोर्ट में परिवाद पेश किया जाएगा। प्रवर्तन अधिकारी सुमन तिवारी ने बताया कि उन्हें लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि भादसोड़ा चौराहा पर सांवलियाजी जाने वाले श्रद्धालुओं के आवाजाही रहती है। अवैध गैस रिफिलिंग के कारोबार से अगर कोई हादसा होता है तो इसका जिम्मेदार कौन होगा। ऐसे में रसद विभाग ने छापा मार कर कार्रवाई की है। इधर, जानकारी में सामने आया कि अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ कार्यवाही की सूचना के बाद क्षेत्र में अवैध रिफिलिंग का कारोबार करने वाले दुकानदार भी ताले लगा कर फरार हो गए।

—————

(Udaipur Kiran) / अखिल

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *