Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HARYANA

हिसार : राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद के चौथे चरण में लुवास की छात्रा का चयन

एनईवाईपी के लिए चयनित लुवास की छात्रा अक्षिता।

हिसार, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय

(लुवास), के पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय की छात्रा अक्षिता कोल का राष्ट्रीय

पर्यावरण युवा संसद (एनईवाईपी)-2026 के चौथे चरण के लिए चयन हुआ है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय

के लिए अत्यंत गर्व का विषय है।

राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद (एनईवाईपी) एक प्रतिष्ठित कार्यक्रम है, जिसका

उद्देश्य युवाओं को पर्यावरणीय चुनौतियों के प्रति जागरूक करना तथा पर्यावरण संरक्षण

के क्षेत्र में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना है। इस कार्यक्रम का आयोजन स्टूडेंट्स

फॉर डेवलपमेंट (एसएफडी) एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधि संगठन द्वारा किया जाता है। इस

पहल को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय तथा

युवा मामले एवं खेल मंत्रालय का सहयोग प्राप्त है।

प्रणवायु क्लब, लुवास की अध्यक्ष डॉ. दीपिका ने बुधवार काे बताया कि विश्वविद्यालय के

माननीय कुलपति के मार्गदर्शन में क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए छात्रों के

चयन हेतु एक ऑनलाइन वाक्-कौशल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता के माध्यम

से पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय एवं डेयरी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय

के कुल 10 छात्रों का चयन किया गया। हरियाणा एवं राजस्थान क्षेत्र की क्षेत्रीय स्तर

की भाषण प्रतियोगिता का आयोजन दिसम्बर माह को एनआईएमएस विश्वविद्यालय, जयपुर द्वारा

ऑनलाइन माध्यम से किया गया, जिसमें दोनों राज्यों के लगभग 200 चयनित छात्रों ने भाग

लिया। इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बीवीएससी एवं एएच चतुर्थ वर्ष

की छात्रा अक्षिता कोल को राष्ट्रीय स्तर के अंतिम चरण के लिए चयनित किया गया है। राष्ट्रीय

पर्यावरण युवा संसद का अंतिम चरण फरवरी माह में नागपुर में आयोजित किया जाएगा।

कुलपति डॉ. विनोद कुमार वर्मा ने छात्रा अक्षिता कोल को इस उपलब्धि पर बधाई

देते हुए कहा कि राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद जैसे प्रतिष्ठित मंच पर लुवास की छात्रा

का चयन होना विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है तथा यह छात्रों में पर्यावरण संरक्षण

के प्रति बढ़ती जागरूकता को दर्शाता है।

(Udaipur Kiran) / राजेश्वर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *