Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HARYANA

एम.फिल पास युवक ने गुरुग्राम से प्रॉपर्टी की ठगी कर बिहार में खरीदी जमीन

गुरुग्राम पुलिस की गिरफ्त में प्रॉपर्टी में ठगी करने का आरोपी।

-दूसरों की जमीन/प्लॉट को अपना बताकर ठगी का आरोपी गिरफ्तार

-गुरुग्राम में निजी स्कूल संचालित करता है आरोपी

-अब तक 96 लोगों से कर चुका है लगभग 10 करोड़ रुपये की ठगी

गुरुग्राम, 3 दिसंबर (Udaipur Kiran) । फर्जीवाड़ा करके प्लॉट बेचने वाले आरोपी के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस ने बड़ी उपब्धि हासिल की है। दूसरों की जमीन/प्लॉट को अपना बताकर फर्जी एग्रीमेंट तैयार कर 96 लोगों से लगभग 10 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को गुरुग्राम पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा-1 ने गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि आरोपी गुरुग्राम में ठगी करके बिहार में जमीन खरीदता था। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि आरोपी अब तक वह 96 लोगों से करीब 10 करोड़ की ठगी कर चुका है।

जानकारी के अनुसार 18 सितंबर 2025 को आर्थिक अपराध शाखा-1 गुरुग्राम द्वारा एक शिकायत की जांच की गई। शिकायतकर्ता ने कहा गया था कि उसने खाटूश्याम प्रॉपर्टी नामक फर्म से रयान एन्क्लेव, देव नगर पार्ट-2 भोंडसी क्षेत्र में एक प्लॉट खरीदा था। फर्म के मालिक नीतीश कुमार ने स्वयं को प्लॉट का मालिक बताकर उसको प्लॉट का कब्जा दिया। फर्जी एग्रीमेंट टू सेल तैयार कर बिक्री दर्शाई तथा तीन दिन बाद ही धोखे से कब्जा वापस ले लिया। उसको आंशिक राशि लौटाकर इसके साथ लगभग 30 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। इसी तरीके से नीतीश कुमार ने लगभग 96 लोगों के साथ धोखाधड़ी करते हुए दूसरों की भूमि को अपना बताकर फर्जी एग्रीमेंट के माध्यम से बेचा। वह कुल मिलाकर लगभग 10 करोड़ रुपये की ठगी कर चुका है। पुलिस थाना भोंडसी, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। आर्थिक अपराध शाखा-1 गुरुग्राम की पुलिस टीम इसकी जांच की गई। शाखा की टीम ने कार्यवाही करते हुए बुधवार को रिठौज गांव जिला गुरुग्राम से फर्जीवाड़ा करके ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान नीतीश कुमार (उम्र-27 वर्ष, शिक्षा-एम.फिल) निवासी गांव मोसादनपुर, जिला बेगूसराय (बिहार) वर्तमान निवसी देवनगर, रिठोज, जिला गुरुग्राम के रूप में हुई है।

वर्ष-2021 से गुरुग्राम में खाटूश्याम प्रॉपर्टी फर्म चलाता था

आरोपी से प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह मूल रूप से बिहार का निवासी है। वर्ष-2021 में गुरुग्राम आकर खाटूश्याम प्रॉपर्टी के नाम से प्रॉपर्टी फर्म चला रहा है। इसके अतिरिक्त यह रिठोज गांव में शिव गंगा पब्लिक स्कूल भी संचालित करता है। यह दूसरों की जमीन/प्लॉट को अपना बताकर फर्जी एग्रीमेंट ऑफ सेल तैयार करता था। लोगों से बड़े पैमाने पर रुपये लेता था। ठगी की गई राशि का उपयोग यह बिहार में किसानों से जमीन खरीकर उन्हें जमीन का भुगतान करने में करता था। आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि यह एक ही प्लॉट/जमीन को 4-5 लोगों को बेचकर फर्जीवाड़ा करता था। इस प्रकार से वह अब तक 96 से अधिक लोगों के साथ ठगी कर चुका है। पुलिस टीम द्वारा आरोपी को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया।

(Udaipur Kiran)

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *