Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

मप्रः मुख्यमंत्री निवास में आज भाईदूज कार्यक्रम, लाड़ली बहनों को मिलेगी सौगात

सीएम मोहन यादव (फाइल फोटो)

भोपाल, 23 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मध्य प्रदेश में लाड़ली बहना योजना की हितग्राहियों को आज गुरुवार को भाईदूज के मौके पर 318 करोड़ रुपये की सौगात दी जाएगी। राज्य सरकार पर्व की भेंट के रूप में यह राशि उनके बैंक खातों में डालेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश की 1.27 करोड़ लाड़ली बहनों को यह राशि सिंगल क्लिक से ट्रांसफर करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री निवास पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में लाड़ली बहनों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर और विधायक व बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल भी उपस्थित रहेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भाईदूज के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के संबंध में लाड़ली बहनों के लिए संदेश भी जारी किया है। उन्होंने कहा कि भाईदूज का पर्व भारतीय संस्कृति में प्रेम, स्नेह और जिम्मेदारी का प्रतीक है। यह केवल एक त्यौहार नहीं बल्कि उस रिश्ते का उत्सव है, जिसमें भाई अपनी बहन के सुख-दुख, सुरक्षा और सम्मान का वचन निभाता है। उन्होंने कहा कि बहनों की मुस्कान ही समाज की समृद्धि का आधार है और हर भाई का यह कर्तव्य है कि वह अपने आचरण और कर्म से इस भावना को मजबूत बनाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और सुभद्रा का रिश्ता भाई-बहन के प्रेम और संरक्षण की सबसे सुंदर मिसाल है। जिस प्रकार श्रीकृष्ण ने हर परिस्थिति में बहन सुभद्रा की सुरक्षा और सम्मान का ध्यान रखा, उसी भावना से हमारी सरकार भी प्रदेश की हर लाड़ली बहन के सुख, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की साथी है। श्रीकृष्ण और सुभद्रा का संबंध इस बात की याद दिलाता है कि भाई का स्नेह केवल वचन निभाना ही नहीं, कर्म से निभाई जाने वाली जिम्मेदारी भी है। हमारी सरकार इसी दृष्टि से सांस्कृतिक परंपरा को निभाते हुए आगे बढ़ रही है। हमारे लिये बहनों की खुशी, उनकी सुरक्षा और आत्मविश्वास सर्वोपरि है।

शासन में संवेदना, त्यौहारों में अपनापन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह परंपरा बनाई है कि प्रदेश का हर पर्व जनता के जीवन में नई उमंग और नई आशा लेकर आए। दीपावली, रक्षाबंधन, गोवर्धन पूजा और अब भाईदूज जैसे पर्व शासन के मानवीय स्वरूप का प्रतीक बन चुके हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश की लाड़ली बहनें केवल योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि परिवार और समाज की आत्मा हैं। लाड़ली बहना योजना ने बहनों को आत्मनिर्भर, जागरूक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाया है। अब तक इस योजना के अंतर्गत 44,917.92 करोड़ रुपये की राशि सीधे बहनों के खातों में पहुंचाई जा चुकी है, जो प्रदेश की एक करोड़ 27 लाख लाड़ली बहनों के प्रति स्नेह और सम्मान का जीवंत उदाहरण है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बहनों को भाईदूज के अवसर पर लाड़ली बहना योजना में 250 रुपये की राशि देने का वादा पूरा किया जा रहा है। अब बहनों के योजना के अंतर्गत 1500 रुपये प्राप्त होंगे।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *