Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

मप्रः कटनी में माइनिंग कारोबारी अशोक विश्वकर्मा के ठिकानों पर आयकर विभाग का छापा

माइनिंग कारोबारी अशोक विश्वकर्मा के घर आयकर विभाग का छापा

कटनी, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के कटनी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा तथा उनके भाई शंकरलाल विश्वकर्मा के ठिकानों पर बुधवार तड़के आयकर विभाग ने छापेमारी की है। विभाग की टीम ने एक साथ घर, कार्यालय और अन्य परिसरों पर दबिश देकर सर्चिंग शुरू की है। फिलहाल टीम दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और लेनदेन की जांच में जुटी है। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति और टैक्स चोरी की शिकायतों के आधार पर की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, भोपाल, इंदौर और जबलपुर से आए आयकर विभाग के 50 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी बुधवार सुबह करीब 4 बजे कटनी पहुंचे और भाजपा नेता अशोक विश्वकर्मा के ठिकानों पर कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई गोपनीय तरीके से की जा रही है। स्थानीय पुलिस को भी सुरक्षा व्यवस्था के लिए अंतिम समय पर सूचित किया गया। आयकर विभाग की अलग-अलग टीमों ने विश्वकर्मा परिवार के कई व्यापारिक और निजी ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इनमें जालपा देवी वार्ड, गौतम मोहल्ला स्थित तीन मकान और मुख्य कार्यालय शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, टिकरिया स्थित बॉक्साइट खदानें, माइनिंग से जुड़े अन्य ठिकाने, बरगवां स्थित होटल परिसर और शहर में स्थित पानी की फैक्ट्री में भी दबिश दी गई। अधिकारियों ने इन सभी स्थानों पर किसी के भी अंदर या बाहर आने-जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है।

जांच का मुख्य फोकस ‘आय से अधिक संपत्ति’ और माइनिंग कारोबार में हुए टर्नओवर पर है। टीमें बैंक खातों, लॉकर, जमीन के दस्तावेजों और पिछले कुछ वर्षों के आयकर रिटर्न का बारीकी से मिलान कर रही हैं। बताया जा रहा है कि भारी मात्रा में डिजिटल डेटा और फाइलें भी जब्त की गई हैं। फिलहाल, आयकर विभाग के अधिकारियों ने कोई भी आधिकारिक बयान देने से इनकार किया है। जब्त किए गए दस्तावेजों की संख्या और ठिकानों के विस्तार को देखते हुए अनुमान है कि जांच लम्बी चल सकती है।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *