Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

मप्र पुलिस की वाहन चोरों पर बड़ी कार्रवाई, एक सप्ताह में 33 मोटरसाइकिल और 4 ट्रैक्टर बरामद

मप्र पुलिस की वाहन चोरों पर बड़ी कार्रवाई
मप्र पुलिस की वाहन चोरों पर बड़ी कार्रवाई

भोपाल, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं के विरुद्ध विगत एक सप्ताह में विशेष कार्यवाहियां की हैं। पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचनाओं के आधार पर 33 चोरी की मोटरसाइकिलें, 4 ट्रैक्टर एवं अन्य सामग्री बरामद की है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा गुरुवार को जानकारी दी गई कि सागर जिले के थाना बंडा पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 4 आरोपियों से 17 मोटरसाइकिलें, एक बोलेरो वाहन और एक मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इसी प्रकार थाना मोतीनगर पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के मामले में एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर आरोपी से स्वराज 735 ट्रैक्टर व ट्रॉली (कीमत 3 लाख 50 हजार) बरामद किया है।

इसी तरह छतरपुर के थाना कोतवाली पुलिस ने जिला अस्पताल क्षेत्र से हुई मोटरसाइकिल चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आदतन चोर गजेंद्र उर्फ गर्जन सिंह बुंदेला को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 6 मोटरसाइकिलें (एचएफ डीलक्स, पैशन प्रो, टीवीएस स्पोर्ट, सीडी डीलक्स) व 8 मोबाइल फोन (टेक्नो, लावा, वीवो, रेडमी, रियलमी) जब्त किए गए। बरामद की गई सामग्री का अनुमानित मूल्य लगभग 4 लाख रुपये है। आरोपी पूर्व में भी कई चोरी के मामलों में संलिप्त रहा है।

खरगोन पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर 3 लाख रुपये मूल्‍य की 6 मोटरसाइकिलें जब्‍त की है, वहीं, पन्ना पुलिस ने देवेन्द्रनगर और सलेहा थाना क्षेत्रों में हुई मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में 2 मोटरसाइकिलें बरामद की है।

गुना जिले के आरोन थाना क्षेत्र में पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक प्रकरण में प्रभावी कार्रवाई की है। प्रकरण में 01 आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की 2 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। राजगढ़ के तलेन–जीरापुर क्षेत्र में पुलिस टीम ने एक वर्ष पुराने लंबित ट्रैक्टर प्रकरण का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह से 03 ट्रैक्टर बरामद किए और मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *