Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

मप्र पुलिस का फरार अपराधियों के विरूद्ध बड़ा अभियान, तीन दिन में 1100 से अधिक वारंटी गिरफ्तार

मप्र पुलिस का फरार अपराधियों के विरूद्ध बड़ा अभियान
मप्र पुलिस का फरार अपराधियों के विरूद्ध बड़ा अभियान
मप्र पुलिस का फरार अपराधियों के विरूद्ध बड़ा अभियान

भोपाल, 15 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के निर्देशन में मध्‍य प्रदेश में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराधियों की धर-पकड़ सुनिश्चित करने, माननीय न्यायालयों के आदेशों का कड़ाई से पालन कराने तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा जिलों में सतत् रूप से योजनाबद्ध अभियान चलाया जा रहा है। बीते तीन दिनों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में एक साथ व्यापक स्तर पर कांबिंग गश्त एवं छापेमारी की गई, जिसमें 1100 से अधिक फरार वारंटियों को गिरफ्तार करने में पुलिस बल को उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई।

भोपाल पुलिस मुख्‍यालय से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस के विशेष कांबिंग अभियान में 1100 से अधिक स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों पकड़ा गया है। इसके साथ ही 700 से अधिक निगरानी बदमाशों, गुंडो एवं अन्‍य अपराधियों की चैकिंग की गई। इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों को कानून के दायरे में लाया गया, वहीं अपराधों की पूर्व-रोकथाम में भी महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

बालाघाट: जिले में विशेष कांबिंग गश्त अभियान के दौरान कई वर्षों से फरार 51 स्थायी वारंटियों एवं गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त 140 से अधिक निगरानी बदमाशों एवं सूचीबद्ध अपराधियों के घरों, अड्डों तथा संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर उनकी गतिविधियों की बारीकी से जांच की गई।

कटनी: जिले में की गई व्यापक कांबिंग कार्रवाई के दौरान 145 वारंटी एवं अपराधियों को हिरासत में लिया गया, जिनमें 23 स्थायी एवं 82 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। इसके अलावा अवैध शराब जमाखोरी एवं बिक्री से जुड़े 30 नए प्रकरण दर्ज किए गए। नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध मोटर यान अधिनियम की सख्त धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया, जिससे सड़क सुरक्षा एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है।

छतरपुर: जिले में “न्याय पथ अभियान” के अंतर्गत बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई। इस दौरान 40 स्थायी वारंटी, 76 गिरफ्तारी वारंटी तथा ₹52 हजार के इनामी अपराधियों सहित 200 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें अवैध हथियारों की तस्करी, जुआ-सट्टे के अड्डे संचालित करने तथा अवैध शराब के कारोबार से जुड़े अपराधी शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध हथियार एवं नकदी भी बरामद की गई है।

मुरैना: जिले में विशेष कांबिंग गश्त के तहत लगभग 125 स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों को हिरासत में लिया गया। इसके साथ ही ₹29 हजार के इनामी सात फरार अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया, जो लंबे समय से कानून की पकड़ से बाहर थे। हिस्ट्रीशीटर एवं जिलाबदर घोषित आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी कर उनकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी गई। यह अभियान संगठित अपराध पर नियंत्रण की दिशा में अत्यंत प्रभावी सिद्ध हुआ है।

ग्वालियर: जिले में कांबिंग गश्त के दौरान 121 स्थायी एवं 129 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 250 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त 348 गुंडों एवं हिस्ट्रीशीटरों की विस्तृत जांच-पड़ताल की गई। साथ ही अवैध शराब एवं सट्टा गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की गई।

गुना: जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ अभियान चलाकर लंबे समय से फरार 43 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें कई आरोपी गंभीर अपराधों में लिप्त थे। गुंडों, हिस्ट्रीशीटरों, जिलाबदर एवं इनामी अपराधियों के ठिकानों पर गहन तलाशी लेकर उनकी गतिविधियों पर सतत निगरानी सुनिश्चित की गई।

सीहोर: जिले में रात्रिकालीन कांबिंग गश्त के दौरान 145 वारंटियों को हिरासत में लिया गया तथा 157 निगरानी अपराधियों की गहन जांच की गई। इसके साथ ही जुआ-सट्टा एवं आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अवैध शराब के मामलों में कठोर कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

मंदसौर: जिले में रात्रिकालीन विशेष अभियान में 175 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 130 स्थायी एवं 42 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। यह कार्रवाई विशेष रूप से लंबे समय से फरार अपराधियों को लक्ष्य बनाकर की गई, जो कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बने हुए थे।

यह विशेष कांबिंग गश्त अभियान फरार अपराधियों, संगठित अपराध, अवैध शराब के कारोबार, जुआ-सट्टा, हथियारों की तस्करी तथा आदतन अपराधियों पर नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रभावी कदम सिद्ध हुआ है।

(Udaipur Kiran) / उम्मेद सिंह रावत

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *