Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

मप्रः श्रम विभाग द्वारा श्री कार्यशालाओं की श्रृंखला में द्वितीय कार्यशाला मंडीदीप में संपन्न

मप्रः श्रम विभाग द्वारा श्री कार्यशालाओं की श्रृंखला में द्वितीय कार्यशाला मंडीदीप में संपन्न

इंदौर, 26 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । मध्य प्रदेश में श्रम विभाग द्वारा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल की पहल पर उद्योग और श्रमिकों के बीच सहयोग को सुदृढ़ करने, समग्र कल्याण, सुरक्षा और विकासात्मक प्रगति पर बल देने के उद्देश्य से *“श्री (SHREE) कार्यशालाओं”* ( सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कल्याण, संबंध, उद्यम एवं शिक्षा) की श्रृंखला के क्रम में द्वितीय कार्यशाला शुक्रवार को मंडीदीप स्थित कारखाना एचईजी लिमिटेड के कांफ्रेंस हॉल में आयोजित की गई।

कार्यशाला में विशेषज्ञों द्वारा औद्योगिक सुरक्षा, योग के मूलभूत अभ्यास एवं सूर्य नमस्कार और प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना जैसी महत्वपूर्ण शासकीय योजनाओं पर प्रस्तुतियाँ दी गईं। इस कार्यक्रम में श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अधीन महानिदेशक कारख़ाना सलाह सेवा श्रम संस्थान , मुंबई के निदेशक एस बी मिश्रा द्वारा भी अतिख़तरनाक श्रेणी के कारखानों में सुरक्षा विषय पर व्याख्यान दिया गया ।

कार्यशाला में विभाग की कुछ अभिनव पहलों पर भी चर्चा हुई, जिनमें – श्रमिकों के सामूहिक सशक्तिकरण हेतु श्रमणा श्रमिक सहकारी समितियों का गठन, प्रतिष्ठानों को अपनी श्रमिक-कल्याण उन्मुख पहलों को प्रदर्शित करने हेतु प्रस्तावित “श्रम स्टार रेटिंग प्रणाली” आदि शामिल हैं।

इस कार्यशाला में श्रम विभाग के अधिकारियों सहित रायसेन , भोपाल , सीहोर एवं रतलाम स्थित वृहद श्रेणी के कारखानों के सेफ्टी ऑफिसर्स, मानव संसाधन प्रबंधकों की सक्रिय सहभागिता रही । श्री कार्यशाला श्रृंखला का उद्देश्य विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में संवाद, जागरूकता, सहभागिता और सुरक्षा का वातावरण तैयार करना है। उल्लेखनीय है कि गत 25 सितंबर को श्रम मंत्री पटेल द्वारा पीथमपुर में आयोजित कार्यक्रम से श्री कार्यशालाओं की श्रृंखला का शुभारंभ किया गया। श्रम विभाग श्रमिक कल्याण, उत्पादकता और राष्ट्रीय विकास को समानांतर रूप से आगे बढ़ाने के प्रति कृत संकल्पित है।

(Udaipur Kiran) तोमर

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *