Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

मप्र के खंडवा से कांग्रेस नेता को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई महाराष्ट्र पुलिस

कांग्रेस नेता को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई महाराष्ट्र पुलिस

खंडवा, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता यशवंत सिलावट को महाराष्ट्र पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सिलावट रविवार दोपहर को कांग्रेस द्वारा आयोजित प्रदर्शन कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसी दौरान कोतवाली स्टाफ के साथ पहुंची महाराष्ट्र पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। कोतवाली थाने में कुछ देर तक पूछताछ की गई और इसके बाद पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर अपने साथ महाराष्ट्र ले गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, करीब सालभर पहले कांग्रेस नेता सिलावट ने एक शख्स पर गोली चला दी थी। वह बुरी तरह घायल हो गया था। सिलावट मौके से फरार हो गए । पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगा रखी थीं। सालभर में सिलावट ने अग्रिम जमानत के लिए जिला न्यायालय, धुलिया से लेकर मुंबई हाईकोर्ट तक याचिका लगाईं। सभी खारिज होती रहीं। पुलिस ने उनसे संपर्क कर गिरफ्तारी देने के लिए सिरपुर तालुका थाने बुलाया लेकिन वे ना-नुकर करते रहे। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर स्पेशल टीम गठित की गई, जिसने सिलावट को गिरफ्तार कर लिया।

महाराष्ट्र पुलिस रविवार को दोपहर में इनोवा वाहन से खंडवा आई थी। रविवार दोपहर को जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा स्कीम का नाम बदलने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन रखा था। सभी नेता नगर निगम तिराहे पर मौजूद थे। उन्हीं के सामने सिलावट की गिरफ्तारी की गई। इसके बाद कांग्रेस नेता कोतवाली पहुंचे। यहां पुलिस ने पूरा मामला समझाया, तब वे लौट गए।

कार्रवाई के दौरान मीडियाकर्मियों ने सिलावट से बात करनी चाही तो उन्होंने कहा कि मैं प्रॉपर्टी की खरीदी-बिक्री के कारोबार से जुड़ा हूं। कोई मामला हो गया है, पुलिस पूछताछ के लिए मुझे ले जा रही है। मैं वापस आकर मीडिया से मिलूंगा और अपनी बात रखूंगा।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *