Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

कोटा में ₹1.04 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

जयपुर (Udaipur Kiran News)। कोटा साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ₹1.04 करोड़ की साइबर ठगी का मुख्य आरोपी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के बैंक खातों में हुए लेनदेन का खुलासा किया है और ठगी गई राशि का एक हिस्सा रिकवर भी कर लिया है।

साइबर ठगी

एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि जवाहर नगर निवासी विनोद कुमार जैन ने 6 जून को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनसे शेयर मार्केट ट्रेडिंग के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे डलवाकर ठगी की गई। इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बूंदी निवासी महावीर सुखवाल उर्फ डेनी (25) को 18 सितम्बर को कोटा लैंडमार्क सिटी से गिरफ्तार किया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर 5 दिन के रिमांड पर लिया गया।

ठगी का तरीका
जांच में सामने आया कि महावीर अपने साथियों के साथ मिलकर ठगी की रकम को पहले अपने खाते में मंगवाता था। इसके बाद यह पैसा परिचितों और रिश्तेदारों के खातों में भेजकर चेक या एटीएम से नकद निकाल लेता था। वह रकम का इस्तेमाल ऑनलाइन करेंसी (USDT) खरीदने और आलीशान जीवनशैली पर करता था। पुलिस जांच में सामने आया कि पिछले एक महीने में उसके खाते में ₹1.66 करोड़ का लेनदेन हुआ, जिसमें से ₹77 लाख नकद निकाले गए थे।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ₹12 लाख पीड़ित को वापस दिलाए और ₹10 लाख विभिन्न बैंक खातों में होल्ड करवा दिए हैं। इस तरह अब तक कुल ₹22 लाख की रिकवरी हो चुकी है। पुलिस ने आरोपी से 5 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

इस कार्रवाई में इंस्पेक्टर सतीश चंद्र, एसआई सियाराम, हेड कांस्टेबल अर्जुन कुमार, कांस्टेबल झाबरमल, धर्मेंद्र तंवर, जितेंद्र और सुरेश चालक शामिल रहे। आरोपी की गिरफ्तारी में कांस्टेबल झाबरमल और धर्मेंद्र तंवर की विशेष भूमिका रही।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *