Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CRIME

पुलिस की बड़ी कार्रवाई : बोलेरो पिकअप से 21 बोरियों में अवैध गुटखा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार,

बरामद गुटखा

बांदा, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । यूपी के जनपद बांदा में अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बदौसा थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने बोलेरो पिकअप वाहन से 21 बोरियों में भरा अपमिश्रित गुटखा बरामद करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। मौके से एक अवैध तमंचा और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के निकट पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी अतर्रा प्रवीण कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई सोमवार-मंगलवार की रात को की गई। मुखबिर की सूचना पर ग्राम दुबरिया स्थित चतुर्वेदी ढाबा के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने बोलेरो पिकअप को रोका। तलाशी में वाहन से भारी मात्रा में प्रतिबंधित अपमिश्रित सुपारी मिश्रित गुटखा बरामद हुआ।

सूचना पर मौके पर पहुँची खाद्य विभाग की टीम ने बरामद सामग्री का सैंपल लेकर परीक्षण हेतु भेजा है। पुलिस ने मौके से वाहन को सीज करते हुए तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवकी रमन यादव उर्फ छंगू पुत्र रामबहादुर निवासी ग्राम तरांव, थाना भरतकूप, जनपद चित्रकूट और संदीप गुप्ता उर्फ छोटू पुत्र छोटा गुप्ता निवासी ग्राम दुबरिया, थाना बदौसा, जनपद बांदा के रूप में हुई है।

इस मामले में पुलिस ने धारा 223(ख)/274/275 बीएनएस, धारा 59 खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006, तथा धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के बाद पूरे आपूर्ति नेटवर्क और उनके आपराधिक कनेक्शनों की पड़ताल की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अवैध गुटखा, नशे के पदार्थों की तस्करी और अपराधी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

—————

(Udaipur Kiran) / अनिल सिंह

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *