Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

नाहरगढ़ की पहाड़ियों में मिला नर कंकाल: 70% शरीर जंगली जानवरों का शिकार, पुलिस ने शुरू की जांच

जयपुर, 16 अगस्त (Kiran News)। राजधानी जयपुर के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में स्थित नाहरगढ़ की पहाड़ियों में शनिवार को एक नर कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। यह नर कंकाल करीब सौ फीट गहरी खाई में पड़ा हुआ था, जिसे घूमने आए युवकों ने देखकर पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि कंकाल लगभग एक महीने पुराना है और उसके शरीर का करीब 70 फीसदी हिस्सा जंगली जानवर खा चुके थे। पुलिस ने सिविल डिफेंस और एफएसएल टीम की मदद से कंकाल को बरामद कर साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

Nahargarh skeleton found

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर बजरंग सिंह शेखावत ने बताया कि नरसिंह कॉलोनी के पास पहाड़ी पर घूमने पहुंचे युवकों ने गहरी खाई में नर कंकाल होने की जानकारी पुलिस को दी थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की, जिसके बाद सिविल डिफेंस और एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। मौके से नर कंकाल, कपड़े, जींस, शर्ट और नए जूते मिले हैं। कंकाल के कपड़ों से पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

शेखावत ने बताया कि मौके पर केवल खोपड़ी, दांत, पैर-हाथ की हड्डियां, जींस, शर्ट और जूते ही बरामद हुए हैं। डॉक्टरों की टीम ने कंकाल की जांच के बाद उसे मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस का कहना है कि अगर मृतक किसी के साथ पहाड़ियों में गया था, तो उसके साथियों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दी होगी। नाहरगढ़ और ब्रह्मपुरी थाना पुलिस इस बिंदु पर जांच कर रही है। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। डीएनए जांच के जरिए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *