Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
SPORTS

टी-20 विश्व कप की तैयारियों में मदद करेंगे मलिंगा, श्रीलंका ने सौंपी अहम जिम्मेदारी

फोटो

कोलंबो, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । आईसीसी पुरुष टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में किया जाएगा। टूर्नामेंट को लेकर सभी टीमें जोर-शोर से अपनी तैयारियों में जुट चुकी हैं। इसी कड़ी में श्रीलंका क्रिकेट ने एक अहम और बड़ा फैसला लेते हुए अपने पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा को टीम का सलाहकार तेज गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है।

मलिंगा आगामी टी-20 वर्ल्ड कप के लिए श्रीलंकाई टीम की तैयारियों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगे। उनकी नियुक्ति अल्पकालिक आधार पर की गई है। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के अनुसार मलिंगा 15 दिसंबर से 25 जनवरी तक, यानी लगभग एक महीने तक टीम के साथ काम करेंगे। बोर्ड ने मंगलवार को अपने बयान में कहा कि लसिथ मलिंगा आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप 2026 की तैयारियों के दौरान श्रीलंका के तेज गेंदबाजों को मार्गदर्शन देंगे। श्रीलंका क्रिकेट का उद्देश्य मलिंगा के विशाल अंतरराष्ट्रीय अनुभव और अंतिम ओवरों में उनकी असाधारण गेंदबाजी कौशल का लाभ उठाना है। खासकर टी-20 फॉर्मेट में, ताकि विश्व कप के लिए टीम की तैयारियों को मजबूत किया जा सके।

मलिंगा को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ टी-20 खिलाड़ियों में से एक माना जाता है। 42 वर्षीय पूर्व खिलाड़ी ने 84 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 107 विकेट लिए हैं। उन्होंने 2021 में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने के बाद से टी-20 फ्रेंचाइजी लीग में खिलाड़ियों को सलाह और कोचिंग दी है। उन्होंने 2022 में श्रीलंका के गेंदबाजी रणनीति कोच की भूमिका भी निभाई थी। टी-20 क्रिकेट में अपनी यॉर्कर गेंदबाजी और अंतिम ओवरों में विशेषज्ञता के लिए मशहूर मलिंगा की मौजूदगी से श्रीलंकाई तेज गेंदबाजों को तकनीकी और मानसिक रूप से मजबूती मिलने की उम्मीद है।

श्रीलंकाई टीम टी-20 विश्व कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत 8 फरवरी को आयरलैंड के खिलाफ करेगी। यह मुकाबला कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) / वीरेन्द्र सिंह

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *