ममता ने किए कोलकाता के कई प्रसिद्ध कालीपूजा का उद्घाटन, बारिश में मृतकों के परिजनों को दिए नियुक्ति पत्र और चेक

कोलकाता, 17 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । दुर्गापूजा का उत्सव समाप्त होते ही अब रोशनी के पर्व दीपावली और कालीपूजा की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता की कई प्रसिद्ध कालीपूजा का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत गिरीश पार्क फाइव स्टार स्पोर्टिंग क्लब की कालीपूजा के मंडप से हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने जानबाजार के संयुक्त कालीपूजा समिति और शेक्सपियर सरणी के युथ फ्रेंड्स क्लब की कालीपूजा का भी उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं पार्षदों से कह रही हूं कि गरीब बस्तियों के लोगों को हटाने के मामलों पर नजर रखें। बाहरी लोग आकर बस्तिवासियों को बेदखल न कर सकें, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए।”
पूर्व घोषणा के अनुसार, मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को शेक्सपियर सरणी स्थित एक कालीपूजा के उद्घाटन मंच से हाल में हुई कोलकाता की बारिश जनित दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को सरकारी सहायता सौंपी। उन्होंने प्रत्येक मृतक परिवार के एक सदस्य को ‘स्पेशल होमगार्ड’ पद पर नियुक्ति पत्र प्रदान किया तथा प्रत्येक परिवार को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक भी सौंपा।
(Udaipur Kiran) / ओम पराशर



