Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

मंदसौरः उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने किया विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन

एक साल में सूक्ष्म सिंचाई परियोजना से हर खेत तक पहुंचेगा सिंचाई का पानी : उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा

मंदसौर, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं वित्त, वाणिज्यिक कर, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के मंत्री जगदीश देवड़ा ने सोमवार को मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम राणाखेड़ा में लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत से किए गए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। कार्यक्रम के अंतर्गत 2 करोड़ 78 लाख रुपये की लागत से लोध से भूखी बुजुर्ग व्हाया बर्डियाफंटा मार्ग का भूमिपूजन, 6 करोड़ 64 लाख रुपये की लागत से लच्छाखेड़ी से ईशाकपुरा बांसखेड़ी फंटा पहुंच मार्ग (व्हाया रठाना) का लोकार्पण तथा 91 लाख 13 हजार रुपये की लागत से रूपावली से भटाना मार्ग का लोकार्पण किया गया। साथ ही 65 लाख रुपये की लागत से आयुष्मान आरोग्य मंदिर पालड़ी का लोकार्पण, ग्राम कमालपुरा, बिलांत्री एवं राणाखेड़ा में आंगनवाड़ी भवनों का लोकार्पण तथा ग्राम पंचायत बिलांत्री में मांगलिक भवन का भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष राजेश दीक्षित, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष नानालाल अटोलिया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, जिला अधिकारी, विकास खंड अधिकारी, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि आने वाले एक वर्ष में मल्हारगढ़ सूक्ष्म सिंचाई परियोजना के माध्यम से हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचेगा। इससे किसानों को बिजली की समस्या से भी राहत मिलेगी और सीधे चंबल नदी का पानी खेतों तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी का सपना था कि नदियों को आपस में जोड़ा जाए ताकि कोई भी क्षेत्र सूखा न रहे और प्राकृतिक बाढ़ पर भी नियंत्रण हो सके। आज देशभर में नदी जोड़ो परियोजना के तहत कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे मध्य प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया गया है और 20 से अधिक मेडिकल कॉलेज प्रारंभ हो चुके हैं। स्कूलों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। यदि कहीं कोई कमी हो तो तुरंत अवगत कराएं, उसे शीघ्र दूर किया जाएगा।

ग्राम पिपलिया कराड़िया में 21 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण

जगदीश देवड़ा ने मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पिपलिया कराड़िया में लगभग 21 करोड़ रुपये की लागत से किए गए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। कार्यक्रम के अंतर्गत 1 करोड़ 7 लाख रुपये की लागत से निर्मित पिपलिया कराड़िया गांव से हाईस्कूल पहुंच मार्ग तथा 1 करोड़ 77 लाख रुपये की लागत से निर्मित खण्डेरियामारू से नावनखेड़ी मार्ग का लोकार्पण किया गया। वहीं 7 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से लिलदा से नाहरगढ़ पित्याखेड़ी मार्ग का भूमिपूजन किया गया। इसके साथ ही 6 करोड़ 90 लाख 97 हजार रुपये की लागत से निर्मित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सुरी तथा 1 करोड़ 99 लाख 90 हजार रुपये की लागत से निर्मित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल पिपलिया कराड़िया का लोकार्पण किया गया। ग्राम पाल्यामारु एवं ग्राम लीलदा में 65-65 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का लोकार्पण भी उपमुख्यमंत्री द्वारा किया गया।

—————

(Udaipur Kiran) / अशोक झलोया

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *