Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

परिसर को रैगिंग मुक्त रखने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय

परिसर को रैगिंग मुक्त रखने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय

बीकानेर, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज, बीकानेर में आज एंटी रैगिंग समिति की महत्वपूर्ण बैठक प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ. सुरेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रशासन की ओर से अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) रमेश देव और पुलिस प्रशासन की ओर से आईपीएस अनुष्ठा कालिया, वृत्त अधिकारी, थाना सदर ने भाग लिया।

बैठक में एसपी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय, एनएमसी नई दिल्ली, राज्य सरकार तथा राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, जयपुर के निर्देशों की अनुपालना में कॉलेज प्रशासन द्वारा रैगिंग रोकथाम के लिए एंटी रैगिंग दिवस, सप्ताह और अन्य जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। साथ ही सत्र 2025-26 के लिए विभिन्न रैगिंग विरोधी समितियों एवं प्रकोष्ठों का गठन किया गया है, रैगिंग विरोधी समिति, रैगिंग विरोधी दल, परामर्श प्रकोष्ठ, मार्गदर्शन प्रकोष्ठ- सांस्कृतिक एवं साहित्यिक समिति, खेल-कूद समिति, नव-प्रवेशित एवं वरिष्ठ विद्यार्थियों में परिचय हेतु समिति

और रैगिंग विरोधी छात्र समिति

शामिल है।

अतिरिक्त जिला कलक्टर रमेश देव ने नव प्रवेशित विद्यार्थियों एवं कॉलेज प्रशासन के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का सुझाव दिया, ताकि संचार आसान हो सके।

वृत्त अधिकारी अनुष्ठा कालिया ने छात्रों को किसी भी आपात स्थिति या रैगिंग की घटना में पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी। विशेष रूप से छात्राओं के लिए शक्ति कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की मदद लेने पर जोर दिया।

डॉ. रेखा आचार्य, अतिरिक्त प्रधानाचार्य एवं डीन स्टूडेंट वेलफेयर ने बताया कि कॉलेज परिसर पूरी तरह रैगिंग मुक्त है।

संयोजक डॉ. नीति शर्मा ने आश्वासन दिया कि सभी समितियां सतर्क हैं और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उपलब्ध रहेंगी।

डॉ. गौरव शर्मा ने जानकारी दी कि नव प्रवेशित छात्रों के लिए अलग बॉयज हॉस्टल चिन्हित किया गया है, जहां 24 घंटे सुरक्षा कर्मी और सीसीटीवी निगरानी है, जिससे फ्रेशर्स को भयमुक्त वातावरण मिल सके।

डॉ. बी.के. बीनावरा ने कॉलेज परिसर में कैंटीन शुरू करने और अवैध ठेलों को हटाने का सुझाव दिया, ताकि छात्रों को पौष्टिक भोजन मिले। वरिष्ठ विधि अधिकारी के.एल. जोशी ने रैगिंग के लिए निर्धारित दंड की जानकारी दी।

बैठक में जूनियर-सीनियर छात्रों के बीच मेल-जोल बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित करने के सुझाव आए। उपस्थित नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं ने बताया कि सीनियर्स से उनका सौहार्दपूर्ण संबंध है और कोई परेशानी नहीं हुई।

—————

(Udaipur Kiran) / राजीव

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *