मिर्ज़ापुर में विवाहिता का शव फांसी पर लटका मिला , कारण तलाश रही पुलिस

विवाहिता की मौत के बाद छानबीन में जुटी पुलिस.

मीरजापुर, 11 दिसंबर (Udaipur Kiran) . Uttar Pradesh के जनपद मीरजापुर के जिगना थाना क्षेत्र के गौरा गांव स्थित सरोज बस्ती में गुरुवार सुबह एक विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटकी मिली. इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

अजय कुमार सरोज की 30 वर्षीय पत्नी पायल उर्फ कंचन का शव कमरे की छत के हुक से दुपट्टे के सहारे लटकता मिला. मृतका की सास मालती देवी ने बताया कि सुबह खाना बनाने के बाद बहू अपने कमरे में गई और अंदर से दरवाज़ा बंद कर लिया. काफी देर तक बाहर न निकलने पर संदेह हुआ. रौशनदान से झांककर देखा तो पायल का शव लटकता हुआ मिला.

मालती देवी के अनुसार, उनका बेटा अजय तीन दिन पहले Prayagraj गया था, जहां वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है. वह अपने दूसरे नंबर के बेटे और बहू के साथ रहती हैं. बताया कि पायल के मायके का पता नहीं है और उसकी शादी भी लगभग दो वर्ष पहले हुई थी. दंपति के कोई बच्चे नहीं थे. थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा.

—————

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Leave a Comment