विजय दिवस पर शहीदों को किया याद

जोधपुर, 17 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । शहीद स्मारक पर विजय दिवस समारोह मनाया गया। इस समारोह की अध्यक्षता अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद जोधपुर प्रांत के अध्यक्ष मेजर जनरल नरपत सिंह राजपुरोहित ने की। समारोह के मुख्य अतिथि एयर मार्शल जगदीश चंद्र रहे। इस मौके पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के सदस्य और समाज के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
समारोह में पूर्व सैनिक परिषद के प्रमुख सदस्य फ्लाइंग ऑफिसर नारायण सिंह जोधा, सीपीओ जब्बर सिंह राठौर, सूबेदार जोरा राम बिश्नोई और जपूर्व महापौर घनश्याम ओझा सहित अन्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मेजर जनरल नरपत सिंह राजपुरोहित ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद विजय दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने आगामी समय में भी इस तरह के आयोजनों में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी की अपील की और मीडिया के माध्यम से शहीदों की याद में और भी अधिक लोगों को शामिल होने का आग्रह किया। एयर मार्शल जगदीश चंद्र और घनश्याम ओझा ने भी अपने विचार व्यक्त किए और शहीदों के प्रति सम्मान प्रकट किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ।
(Udaipur Kiran) / सतीश



